Google Analytics Meta Pixel
Thursday, March 12, 2026
news update
Madhya Pradesh

मुंहबोले जीजा ने 11 वर्षीय बालिका को बंधक बनाकर दुष्कर्म किया, पत्नी की मदद से नाबालिग से किया दुष्कर्म

भोपाल
भोपाल में नाबालिग बालिकाओं पर यौन हमलों के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला नजीराबाद थाना इलाके के एक गांव का है। यहां मुंहबोले जीजा ने 11 वर्षीय बालिका को बंधक बनाकर दुष्कर्म किया है। आरोपी अपनी पत्नी की तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर बालिका को अपने घर ले गया था। आरोप है कि इस अपराध में आरोपी की पत्नी भी साथ दिया है। नजीराबाद थाना प्रभारी कृष्णा ठाकुर ने बताया कि क्षेत्र में रहने वाली बालिका के भाई को पड़ोस के गांव में रहने वाले विनय सिंह की पत्नी पूनाबाई राखी बांधती है। इस वजह से दोनों के परिवारों में घनिष्ठता रही है। सोमवार रात को विनय सिंह बालिका के घर पहुंचा।

पत्नी की तबियत खराब होने का लगाया आरोप
उसने बताया कि पूनाबाई की तबीयत खराब हो गई है। उसकी देखरेख के लिए वह बालिका को साथ ले जा रहा है। पारिवारिक संबंध की वजह से बालिका के परिजन ने किसी तरह का संदेह नहीं किया। घर ले जाकर विनय और उसकी पत्नी ने बालिका को एक कमरे में बंद कर दिया।

दुष्कर्म का पता चलने पर परिवार में मचा कोहराम
विनय सिंह ने बालिका के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बारे में किसी को कुछ न बताने की धमकी देकर वह मंगलवार सुबह बालिका को वापस उसके घर छोड़कर चला गया। बालिका ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी परिजन को दी, तो घर में कोहराम मच गया।
 
पति-पत्नी को किया गिरफ्तार
घटना से आक्रोशित पीड़िता के परिजन ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बंधक बनाने, दुष्कर्म और पॉक्सो कानून के तहत मामला दर्ज कर आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। पति के अपराध में पत्नी क्यों शामिल हुई? इस संबंध में पूछताछ की जा रही है।