Sports

आईसीसी ने किया वुमेंस टी20 टीम ऑफ द ईयर 2022 का ऐलान… स्मृति मंधाना समेत 4 भारतीयों को मिली जगह..

इम्पैक्ट डेस्क.

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने सोमवार को वुमेंस टी20 टीम ऑफ द ईयर 2022 का ऐलान कर दिया है। इस टीम में सबसे अधिक चार भारतीय महिला खिलाड़ियों को जगह मिली है। वहीं भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया की तीन और न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, इंग्लैंड व श्रीलंका की एक-एक खिलाड़ी को जगह मिली है। बात इस टीम में चुनी गई चार भारतीय खिलाड़ियों की करें तो इसमें स्मृति मंधाना, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष और रेनुका सिंह का नाम शामिल है।

आईए जानते हैं, टी20 टीम ऑफ द ईयर में चुनी गईं 4 भारतीय खिलाड़ियों के पिछले साल के परफॉर्मेंस के बारे में-

स्मृति मंधाना- भारतीय सुपरस्टार सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना के लिए पिछला साल लावजाब रहा। उन्होंने 21 पारियों में 33 की औसत और 133.48 की स्ट्राइक-रेट से 594 रन बनाए, वहीं इस दौरान उनके बल्ले से 5 अर्धशतक भी निकले। इनमें से एक अर्धशतक श्रीलंका के खिलाफ एशिया कप के फाइनल में आया था। उन्होंने बर्मिंघम में राष्ट्रमंडल खेलों में दो अर्धशतक भी बनाए, जिससे भारत को क्रमशः पाकिस्तान और इंग्लैंड के खिलाफ इन दोनों खेलों में जीत हासिल करने में मदद मिली। वह 2022 में वुमेंस टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली चौथी बैटर रहीं।

दीप्ति शर्मा- आईसीसी वुमेंस टी20 टीम ऑफ द ईयर में दीप्ति ने अपने ऑलराउंड परफॉर्मेंस के दम पर जगह बनाई है। 2022 में उन्होंने कुल 29 विकेट चटकाए और वह पिछले साल सबसे ज्यादा विकेट चटकाने के मामले में संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं। दीप्ति का औसत इस दौरान 18.55 का और इकॉन्मी 6 के आस-पास ही रहा। गेंद के अलावा उन्होंने बल्ले से भी धमाल मचाया। 37 की औसत और 136.02 के स्ट्राइक रेट के साथ उनके बल्ले से 370 रन निकले। वह वुमेंस एशिया कप 2022 में 13 विकेट के साथ प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी बनीं।

ऋचा घोष- आईसीसी ने भारतीय युवा टेलेंट ऋचा घोष को अपनी टीम में विकेटकीपर की भूमिका सौंपी। निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए उनका स्ट्राइक रेट 2022 में 150 के पार रहा। 18 मैचों में उन्होंने कुल 259 रन बनाए जिसमें 13 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। पिछले साल उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ब्रेबॉर्न स्टेडियम में आई जब उन्होंने मात्र 19 गेंदों पर 40 रन बनाकर भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।

ICC वुमेंस टी20 टीम ऑफ द ईयर 2022: 

स्मृति मंधाना (भारत), बेथ मूनी (ऑस्ट्रेलिया), सोफी डिवाइन (सी) (न्यूजीलैंड), ऐश गार्डनर (ऑस्ट्रेलिया), तहिला मैक्ग्रा (ऑस्ट्रेलिया), निदा डार (पाकिस्तान), दीप्ति शर्मा (भारत), ऋचा घोष (भारत) ), सोफी एक्लेस्टोन (इंग्लैंड), इनोका राणावीरा (श्रीलंका), रेणुका सिंह (भारत)

error: Content is protected !!