इम्पेक्ट न्यूज। दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा, 23 नवंबर 2026
शासकीय दंतेश्वरी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दंतेवाड़ा में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और संघर्षपूर्ण विरासत को समर्पित जनजातीय गौरव दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, उनके सामाजिक योगदान, स्वतंत्रता संग्राम में भूमिका तथा जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए किए गए संघर्षों को स्मरण किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता नैनी जंगया ने अपने उद्बोधन में महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं जननायक भगवान बिरसा मुंडा के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष करते हुए जनजातीय समाज में सामाजिक जागरूकता, शिक्षा और स्वाभिमान की भावना को मजबूत किया। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध आवाज उठाकर समाज को नई दिशा देने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनका जीवन आज भी अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने और अपनी संस्कृति एवं परंपराओं पर गर्व करने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. के.एम. प्रसाद ने स्वागत उद्बोधन देते हुए मुख्य वक्ता एवं उपस्थित अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की संस्कृति, प्रकृति के साथ सहअस्तित्व की भावना और पारंपरिक जीवनशैली भारतीय सभ्यता एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। जनजातीय परंपराओं और मूल्यों का संरक्षण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इतिहास विभाग की प्राध्यापक डॉ. शिखा सरकार ने जनजातीय गौरव दिवस के ऐतिहासिक महत्व, जनजातीय लोक परंपराओं तथा भगवान बिरसा मुंडा के बलिदान पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि जनजातीय नायकों का संघर्ष भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का महत्वपूर्ण अध्याय है। उनके त्याग, साहस और बलिदान की गाथाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है।
इसी क्रम में समाजशास्त्र विभाग की प्राध्यापक डॉ. रत्ना बाला मोहंती ने जनजातीय समाज की सामाजिक प्रगति, वर्तमान समय की चुनौतियों तथा समाज के समग्र विकास में जनजातीय महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. दिनेश कुमार लहरी ने जनजातीय समाज की विशिष्ट परंपराओं, जीवनशैली, सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली इतिहास पर विचार रखते हुए आयोजन के उद्देश्यों को रेखांकित किया।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों, परंपराओं और जनजातीय महापुरुषों के योगदान से परिचित कराना है।कार्यक्रम में सहायक संयोजक दुष्यंत तारम सहित महाविद्यालय के समस्त सहायक प्राध्यापक, अतिथि व्याख्याता, कार्यालयीन कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन महाविद्यालय परिवार द्वारा किया गया। स.क्र/1244






