इम्पेक्ट न्यूज। दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा, 23 नवंबर 2026
राष्ट्रीय बाल विज्ञान के राज्य स्तरीय आयोजन में जिले की प्रतिभावान छात्रा पल्लवी सिंह पैकरा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित होकर जिले को गौरवान्वित किया है। जिले के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब बाल विज्ञान कांग्रेस के माध्यम से किसी विद्यार्थी ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बनाई है। इस उपलब्धि से जिले के शिक्षा जगत में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
पल्लवी की इस सफलता में उनकी मार्गदर्शक शिक्षिका नीता सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस उपलब्धि पर प्राचार्या नेहा नाथ सहित विद्यालय परिवार ने छात्रा को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। वहीं राज्य स्तरीय आयोजन के दौरान विद्यार्थियों का कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन करने वाली शिक्षिका कंचन सिंह तथा आर.पी. शाह के योगदान की भी सराहना की गई।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के पीछे जिला समन्वयक ब्रज बिहारी चक्रवर्ती के सतत प्रयास, समर्पण और कुशल मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उल्लेखनीय है कि वे सत्र 2018-19 से जिले में बाल विज्ञान कांग्रेस की गतिविधियों का पूरी निष्ठा के साथ संचालन कर रहे हैं। वर्तमान शैक्षणिक सत्र के प्रारंभ से ही उन्होंने पूरी टीम को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया था। उन्होंने संकल्प लिया था कि इस वर्ष जिले से कम से कम एक विद्यार्थी का चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए अवश्य कराया जाएगा। छात्रा पल्लवी के चयन के साथ ही उनका यह संकल्प साकार हुआ है।
इस उपलब्धि पर शिक्षिका विजया लक्ष्मी सहित सभी सहयोगियों एवं शिक्षाविदों ने छात्रा पल्लवी सिंह पैकरा, उनकी मार्गदर्शक शिक्षिका और पूरी टीम को बधाई दी है। यह सफलता जिले के विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और अनुसंधान के प्रति रुचि विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। पल्लवी का राष्ट्रीय स्तर पर चयन जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा। स.क्र/1240






