इम्पेक्ट न्यूज डेस्क। नई दिल्ली:
राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक जंतर-मंतर पर पिछले कई हफ्तों से चल रहा युवाओं और छात्रों का ‘कॉकरोच आंदोलन’ (कॉकरोच जनता पार्टी – CJP का प्रदर्शन) आज आधिकारिक तौर पर समाप्त हो गया है।
इससे पहले आज सुबह केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दे दिया। इसके बाद सरकार के दो मंत्रियों जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह के साथ आंदोलन में शामिल प्रतिनिधियों की बातचीत कांस्टिट्यूशन क्लब में दूसरी बार हुई जिसमें शेष दो मांग आंदोलनकारियों पर दर्ज प्राथमिकियों को वापस लेने और नीट एग्जाम लीक होने के कारण आत्महत्या करने वाले परिवारों को मुआवजा देने पर सरकार के साथ बनी सहमति के बाद छात्र संगठन ने विरोध प्रदर्शन वापस लेने की घोषणा की।
कॉकरोच आंदोलन की मुख्य टाइमलाइन
16 मई 2026 : सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान सीजेआई सूर्यकांत द्वारा बेरोजगार युवाओं को कॉकरोच कहते हुए की गई एक टिप्पणी के विरोध में अभिजीत दीपके ने सांकेतिक रूप से कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का गठन किया। देखते ही देखते यह सोशल मीडिया के जरिए देश के लाखों युवाओं और प्रतियोगी परीक्षा के छात्रों की आवाज बन गया।
28 जून 2026 : पर्यावरणविद व सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने जंतर-मंतर पर छात्रों की मांगों (परीक्षाओं में पारदर्शिता और पेपर लीक रोको आंदोलन) के समर्थन में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की, जिससे आंदोलन को बड़ा नैतिक समर्थन मिला।
18 जुलाई 2026 : अनशन के दौरान स्वास्थ्य बिगड़ने का बहाना करते हुए बिना किसी पूर्व सूचना के दिल्ली पुलिस द्वारा सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाए जाने के बाद जंतर-मंतर पर हजारों छात्रों और युवाओं का हुजूम उमड़ पड़ा।
20 जुलाई 2026 : CJP के आह्वान पर हजारों छात्रों ने जंतर-मंतर से संसद की ओर मार्च किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत के लिए अपने आवास पर बुलाया था। दूसरी ओर प्रदर्शन रोकने के नाम पर पुलिस बैरिकेडिंग की गई और युवाओं पर लाठीचार्ज किया गया। इस दौरान आंसू गैस के गोले छोड़े गए। इसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हुई और दिल्ली के कई मेट्रो स्टेशन बंद करने पड़े।
21 जुलाई 2026 : कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी सांसदों के दल द्वारा अप्रत्याशित रूप से प्रधानमंत्री आवास का घेराव कर लाठी चार्ज के खिलाफ धरना दिया गया। जिससे मामला और भी गंभीर हो गया। इस प्रदर्शन के जवाब में पूरे देश में भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया।
22-24 जुलाई 2026 : देशव्यापी समर्थन और भारी दबाव के बीच प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों ने छात्रों के मुद्दों पर कड़ा रुख और बातचीत का आश्वासन दिया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और पीएमओ के राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह के साथ CJP के प्रतिनिधिमंडल की बातचीत हुई। इस प्रतिनिधिमंडल में आशुतोष रांका और सौरभ दास शामिल थे।
25 जुलाई 2026 : केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। सरकार ने छात्रों पर दर्ज सभी FIRs रद्द करने और प्रभावित परिवारों के लिए सम्मानजनक मुआवजे की मांग स्वीकार की।
इसके अलावा 5-सूत्रीय शिक्षा सुधार चार्टर: प्रतियोगी परीक्षाओं की शुचिता, पारदर्शिता और व्यापक शिक्षा सुधारों के लिए CJP द्वारा दिए गए 5-सूत्रीय मांग पत्र पर सरकार 4 हफ्तों में आगे की बातचीत करेगी।
इसी के साथ CJP के प्रवक्ताओं (आशुतोष रांका और सौरव दास) ने जंतर-मंतर से धरना खत्म करने का औपचारिक ऐलान किया।
कॉकरोच जनता पार्टी का मंच से संबोधन
घर जाइए थोड़ा आराम कीजिए और एक कैंडल उन परिवारों के लिए जरूर जलाइए जिन्होंने अपने आप अपने परिवार में अपने बच्चे को खोया है। मैसेज हम पूरे सिस्टम के लिए देना चाहेंगे। एक मैसेज हम पूरे सिस्टम को फिर से देना चाहेंगे। इस देश के युवा को आप कभी भी अंडर एस्टीमेट मत करना। आप लोग डोंट अंडरएस्टिमेट द पावर ऑफ कॉमन मैन। एक बार एक बार फिर से आप सभी के संघर्ष को दिल से सलाम। जो लोग पूछ रहे थे कि क्या कॉकरोच जनता पार्टी अब खत्म हो जाएगी?
ये तो सिर्फ शुरुआत है मेरे साथियों। असली लड़ाई तो अब शुरू हुई है। इस देश की पूरी शिक्षा व्यवस्था को बदले बिना हम चुप नहीं बैठेंगे। आप सभी को बहुत-बहुत बधाई। शुभकामनाएं। शांतिपूक विड्र करिए। आराम से घर जाइए। थोड़ा आराम करिए। आराम से विड्र करिए। और जरूर से उन परिवारों के बारे में सोचिए जो इस सिस्टम का शिकार हुए हैं। बहुत-बहुत धन्यवाद। माय फ्रेंड्स कोई भी फ्यूचर एक्शन कोई भी ऑर्गेनाइजर के खिलाफ या प्रदर्शनकारी भाई बहन के खिलाफ नहीं होगा। तो सिर्फ हम दिल्ली वाले हमारे दोस्तों के लिए नहीं सोचते हैं।
घोषणा के बाद जंतर-मंतर पर मौजूद छात्रों ने जश्न मनाया। दिल्ली मेट्रो ने मंडी हाउस, राजीव चौक और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों के बंद एंट्री गेट फिर से खोल दिए हैं और प्रदर्शनकारी शांतिपूर्ण ढंग से अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो रहे हैं।
त्वरित टिप्पणी
अंत भला तो सब भला…
सुरेश महापात्र।
कपड़े से, जाति से, धर्म से, भाषा से, बोली से, क्षेत्र से जो लोग लोगों को पहचानने का दावा करते थे वे भूल गए कि युवा इन सभी सीमाओं से परे होता है… बशर्ते उसने अपनी आँखों पर राजनीति की पट्टी ना बाँध रखी हो…
कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा 34 दिनों से जंतर—मंतर से जारी आंदोलन आज उनकी तीन मांगों के पूरा होने के साथ ही समाप्त हो गया।
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का त्यागपत्र किसी एक के जीत—हार का प्रतीक नहीं है बल्कि यह उस अकाउंटिबिलेटि को स्थापित करने का प्रयास है जिसकी जरूरत सबसे ज़्यादा है। जेनजी के इस आंदोलन का विस्तार पूरे देश में हो चुका था। इसे लेकर सरकार ने गंभीरता दिखाई और अंतत: परिणाम सामने आया है।
हमने इसी देश में देखा है कि जब रेल हादसे के बाद रेल मंत्री ने त्यागपत्र सौंप दिया था। हर किसी बड़ी घटना के बाद संबंधित विभाग के मंत्रियों से इस्तीफ़ा लिया जाता था। इस देश में आतंकी हमले के बाद गृहमंत्री तक का इस्तीफ़ा हमने देखा है।
ऐसे समय में आज देश को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का बयान वायरल है जिसमें वे दावा कर रहे हैं कि ये यूपीए की सरकार नहीं है जहाँ इस्तीफ़ा लिया जाता था…
माने यह बयान उस अहंकार का सार्वजनिकरण प्रतीत हो रहा था कि आप कितने मर्ज़ी आरोप लगा लें। ज़िम्मेदारी तय नहीं की जाएगी। यह धारणा आज टूट गई है। जिसका स्वागत किया जाना चाहिए। सरकार में शामिल हर किसी की ज़िम्मेदारी है कि वह अकाउंटेबल हो… यह जनता के प्रति जवाबदेही का प्रमाण है।
निश्चित तौर पर हर किसी मसले के लिए इस तरह के प्रदर्शन से अराजकता उत्पन्न होगी। जो देश हित में कतई उचित नहीं कहा जा सकता। बेहतर है कि सरकार खुद इस परंपरा को समाप्त कर दे जिससे अहंकार को पनपने का मौक़ा मिले।
अब युवाओं के इस प्रदर्शन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निश्चित तौर पर अपनी ही खिंची लकीर को मिटाकर हर किसी के लिए ज़्यादा जवाबदेही का मार्ग दिखाएँगे।
शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान का त्यागपत्र यह सुनिश्चित करना चाहिए कि सभी केंद्र और राज्यों के सभी विभागीय मंत्रियों को अपने विभाग के प्रति ज़्यादा संवेदनशील प्रदर्शन के लिए तैयार करेगा।
अंत में बस इतना ही कि पूरे देश की ओर से सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश सीजेआई साहब का आभार। जिनके द्वारा युवाओं के आत्मसम्मान को कॉकरोच कहते हुए चोट पहुँचाने के कारण “हमारे यहाँ मंत्रियों के इस्तीफ़े नहीं होते हैं…” वाली परिपाटी टूटी है।
देश में पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा को लेकर प्रदर्शन हुआ। यह माना जाना चाहिए कि छात्रों की मांग पूरी होने के बाद बीते एक सप्ताह से पूरे देश में जिस तरह का माहौल बना था वह अब शांत हो जाएगा। यही कहना उचित होगा अंत भला तो सब भला…
जय हिंद, जय भारत, जय युवा






