District RaipurPolitics

बृजमोहन अग्रवाल का भूपेश सरकार पर तंज : क्या 2500 रुपये देकर किसानों को खरीद लिए हो… गिनवाए कांग्रेस राज की विफलताएं…

इंपैक्ट डेस्क.

रायपुर। विधायक और पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कृषि विभाग के अनुदान मांगो का विरोध करते हुए विधानसभा में कहा कि 2500 रुपए देकर क्या सरकार ने किसानों को खरीद लिया है? किसानों की क्या हालत हो गई है। किसानों के हिस्से को कौन खा रहा है? किसान के हितों में कौन डकैती कर रहा है? नवा रायपुर का किसान आंदोलन इसी का उदाहरण है।  किसान आज खुश नहीं है। किसानों की सबसे बड़ी शोषक पार्टी कांग्रेस है। किसानों की बिजली, उनकी सड़क, नाली, सामुदायिक भवन, अनुदान, खाद, बीज, कृषि यंत्र, उनके स्कूलों को काट कर अगर आप 2500 रुपए दे रहे है तो सरकार एहसान नहीं कर रही है। आपका सारा खेल सिर्फ़ आंकड़ों का खेल है।

बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि जब हमारी सरकार थी तो हमने 4 लाख 75 हज़ार विद्युत पंप के कनेक्शन हमने दिए पर अभी 90 हज़ार कनेक्शन देने है लेकिन सिर्फ़ 100 करोड़ के बजट में ये सम्भव नहीं। मछली उत्पादन में हमारी सरकार के समय देश मे तीसरे नम्बर पर छत्तीसगढ़ था आज 6 वें नंबर पर है। सरकार सिर्फ़ बड़ी-बड़ी डींगे हांक रही है। 2500 रुपए देकर अगर धान का उत्पादन बढ़ा दिया लेकिन अगर उसकी जगह किसान दलहन की फसलें लेता नकदी फसलें लेता तो उसका मुनाफ़ा बढ़ता, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। धान खरीदी का टारगेट पूरा नहीं हुआ इसलिए सरकार को अपनी गलती माननी चाहिए। शून्य ब्याज पर लोन देने वाली सरकार थी तो वो सिर्फ़ भाजपा सरकार थी पर आपने ऐसा क्यों नहीं किया?

बृजमोहन अग्रवाल ने  कहा कि सरकार ने अपने दिवंगत नेताओं तक का सम्मान नहीं किया। राजीव गांधी न्याय योजना शुरू की लेकिन ये किसानों के साथ अन्याय योजना साबित हुई।

बृजमोहन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री के ‘कांग्रेस न होता तो क्या होता’ को  लेकर करारा जवाब  दिया, अब मैं बताता हूं – कि कांग्रेस है तो क्या क्या हुआ –
कांग्रेस है तो – देश पहले आजाद नहीं हो पाया।
कांग्रेस है तो – भारत माता के दो तुकड़े हो गए।
कांग्रेस है तो – भगत सिंह को फांसी लग गई।
कांग्रेस है तो – चन्द्रशेखर आजाद शहीद हो गए।
कांग्रेस है तो – सुभाष चन्द्र बोस के जुते पर अंग्रेज न आ पाये।
कांग्रेस है तो – देश में आपातकाल लग गया।
कांग्रेस है तो – कश्मीर
 का हिस्सा पीओके होकर पाकिस्तान में चला गया।
कांग्रेस है तो – चीन ने भारत माता के टुकड़े  (अक्साई चीन)में कब्जा कर लिया।
कांग्रेस है तो – देश में भारी भ्रष्टाचार हुआ।
 कांग्रेस है तो – धारा 370 लगा।
कांग्रेस है तो – सन् 2000 से पहले छत्तीसगढ़ राज्य नहीं बन पाया था।
कांग्रेस है तो – किसान आत्महत्या कर रहे है।
कांग्रेस है तो – यु.पी. के किसानों को 50-50 लाख व छत्तीसगढ़ के किसानों को 4-4 लाख मिल रहा है।

उन्होनें कहा कि सरकार अगर फ़्लैगशिप स्कीम लाती है। बड़ी-बड़ी होर्डिंग लगवाती है लेकिन गाँवों में लोग उस पर हंसते हैं। सरकार अच्छा काम करेगी तो हम स्वागत करेंगे, मालाएं पहनाएँगे। मंत्री खुद गौठानों की समीक्षा कर लें। सरकार आठ हज़ार ग़ौठानों की बात करती है लेकिन पाँच सौ गौठान भी सही सलामत नहीं है। गौठान में सैकड़ों करोड़ रुपए फूंक दिए गए। ये एक बड़ा स्कैम है।

error: Content is protected !!