इम्पेक्ट न्यूज डेस्क। हैदराबाद।
तस्करी के लिए एक से एक नए हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। वहीं हमारी सुरक्षा एजेंसियां भी हर तरह से चौकस रह कर तस्करों के मनसूबों को फेल कर रही हैं। ताजा मामला है कार में तस्करी के लिए ले जाए जा रहे सोने के बिस्किट का।
तस्करी के लिए इस बिस्किट को कार में इतनी सफाई से छुपाया गया कि बाहर से देख कर किसी को भी अंदाजा लगा पाना मुश्किल है। हालांकि सुरक्षा अधिकारियों की चौकसी की वजह से बदमाशों के मंसूबों पर पानी फिर गया है।
सोने की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की टीम ने एक कार से 3.83 करोड़ रुपये के 25 सोने के बिस्किट बरामद किए हैं। जब्त की गई बिस्किटों की संख्या 25 बताई जा रही है। इनको बनाने में इस्तेमाल हुए सोने का कुल वजन 2.98 किलोग्राम है। इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
खुफिया जानकारी के आधार पर डीआरआई के अधिकारियों को पता चला था कि एक कार के जरिए भारी मात्रा में विदेशी सोने की तस्करी की जा रही है। यह कार कोलकाता से चल कर भुवनेश्वर के रास्ते हैदराबाद जा रही थी। डीआरआई की टीम भुवनेश्वर से ही इस संदिग्ध वाहन पर कड़ी नजर रख रही थी।
जैसे ही कार हैदराबाद पहुंची, अधिकारियों ने घेर कर उसे रोक लिया। शुरुआती जांच में कार में कुछ भी संदिग्ध नजर नहीं आया। तस्करों ने इतनी सफाई से सोना छिपाया था कि पता लगा पाना मुश्किल था। हालांकि जब टीम ने वाहन की गहनता से तलाशी ली, तो मामले का पता चला। तस्करों ने कार की हेडलाइट के ठीक पीछे एक विशेष गुप्त जगह बना कर उसमें सोने के बिस्किट छिपाकर रखे थे।
डीआरआई ने सीमा शुल्क अधिनियम के तहत तस्करी में इस्तेमाल की गई कार और सोना जब्त कर लिया। वहीं, कार में सवार दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर आगे की जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसी ये पता लगाने में जुटी है कि कही इसके पीछे अंतरराष्ट्रीय गिरोह का हाथ तो नहीं है।





