सुरेश महापात्र।
प्रधानमंत्री के आवास के सामने कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी नेताओं के धरना प्रदर्शन के बाद जंतर—मंतर में चल रहा छात्रों का आंदोलन कांग्रेस वर्सेज भाजपा में तब्दील हो चुका है।
बड़ी बात तो यह है कि भाजपा की यही कोशिश पहले ही दिन से रही कि जैसे ही कांग्रेस का इंटरेस्ट छात्र आंदोलन के फेवर में सार्वजनिक होगा उसी के बाद इस पूरे फसाद के मवाद की दिशा बदल दी जाएगी।
कमोबेश यही होता दिख रहा है। मानसून सत्र के शुरूआती दो दिनों तक सत्तारूढ़ पार्टी तय कर नहीं पा रही थी कि इसे किस दिशा में मोड़कर निकला जाए। जैसे ही 21 जुलाई की शाम सत्र के दूसरे दिन कांग्रेस ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में 20 जुलाई के प्रदर्शन के दौरान लाठी चार्ज को लेकर अपना पैंतरा खेला बस यहीं से भाजपा के लिए रास्ता खुल गया।
22 जुलाई को पूरे देश में कांग्रेस के खिलाफ भाजपा का संगठनात्मक प्रदर्शन इस बात को स्थापित कर रहा है कि अब भाजपा ने सीजेपी प्रोटेस्ट से निपटने के लिए कांग्रेस को अपना हथियार बना लिया है।
दरअसल भाजपा को यह लग रहा है कि जमीन पर कांग्रेस को युवाओं का सीधा समर्थन शायद ही हासिल हो… पर इससे एक बात तय करने में कामयाबी मिल जाएगी कि कांग्रेस प्रमुख विपक्षी दल होने के बाद भी संसद के भीतर सरकार के चर्चा के प्रस्ताव पर बात करने की बजाय संसद के बाहर प्रदर्शन करते हुए आंदोलन की दिशा बदलने की कोशिश कर रही है।
इस समय पूरा देश संसद के दोनों सदनों में छात्रों के मुद्दे पर चर्चा को सुनने को तैयार है और भाजपा यही स्थापित करने की कोशिश कर रही है कि सोनम वांगचूक ने जब संसद के भीतर इस मुद्दे पर चर्चा के लिए प्रस्ताव दिया है ताकि वे अपना अनशन समाप्त कर सकें और कांग्रेस इसमें बाधक बन रही है।
कांग्रेस का अपना नजरिया हो सकता है कि वह दूर की कौड़ी खेलना चाह रही है। कांग्रेस इस समय सीजेपी और आप के प्रभाव से चिंतित भी है क्योंकि ऐसे ही जन आंदोलन के बाद कांग्रेस का बेड़ा गर्क हुआ बैठा है।
यही वजह है कि जब सत्र से पहले कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी दलों की बैठक हुई तो वहां कांग्रेस ने सदन में चर्चा के लिए पहला मुद्दा राममंदिर में चढ़ावा चोरी का चुना था…! पर विपक्ष के साथी चाहते थे कि जंतर—मंतर पर चल रहे प्रदर्शन को लेकर चर्चा शुरू की जाए।
इसी पशोपेश में पहले दिन यानी 20 जुलाई को सत्र की शुरूआत के साथ ही कांग्रेस ने दोनों सदनों में सीधे जंतर—मंतर के प्रदर्शन को लेकर चर्चा करने की कोशिश की। सरकार तब तक इस मामले में चर्चा को तैयार नहीं थी। सो दोनों सदनों की कार्यवाही कई प्रयासों के दिखावे के बाद अगले दिन के लिए स्थगित कर दी गई।
ठीक इसके बाद दिल्ली में जंतर—मंतर पर प्रदर्शनकारियों का उग्र प्रदर्शन सड़क पर पहुंचा। यह पूर्वघोषित था ही। इसके बाद जो भी दृश्य दिखा इससे अगले दिन के लिए विपक्ष को मुद्दा मिला। यहां कांग्रेस अपने लिए अवसर तलाश रही थी और दूसरी ओर भाजपा इस संकट का समाधान तलाश रही थी।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के जन्मदिन के बहाने सीधे पीएम आवास के सामने कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन हुआ और 21 जुलाई की शाम तक बैकफुट पर रही सत्तारूढ़ भाजपा के लिए समाधान की राह सामने आ गई। देखिए इस प्रदर्शन के बाद सबसे पहला बयान शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का आया।
इस मामले के सामने आने के बाद वे पहली बार मुखर होकर अपनी बात रखने में कामयाब हुए। उन्होंने संसद में चर्चा के प्रस्ताव में कांग्रेस के रवैये को निशाना बनाते हुए पीएम आवास के सामने कांग्रेस के प्रदर्शन पर तल्ख टिप्पणी की। इसी के साथ जंतर—मंतर का सीजेपी प्रोटेस्ट नेपथ्य में चला गया।
भाजपा अग्रेसिव पॉलिटिक्स करती रही है। इससे पहले जितने भी मुद्दे मोदी सरकार के खिलाफ उठाए गए सभी का समापन इसी अग्रेसिव तरीके से ही किया गया। बीते 12 बरस से यही होता आया है। दरअसल देश में एक बड़ा तबका अब भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कट्टर समर्थक है।
भाजपा संगठन का पूरे देश में गहरे तक विस्तार है। भाजपा के भीतर संगठन के अनुशासन का कठोर पालन करना अनिवार्य होता है। यही वजह है दिल्ली से लेकर सबसे आखिरी गांव तक पूरे कार्यकर्ताओं की भाषा और व्याख्या एक जैसी ही दिखाई, सुनाई पड़ती है।
कांग्रेस में ऐसा नहीं है। और कोई दूसरा दल ऐसा नहीं है कि जिसे पूरे देश में पकड़ हो। सीजेपी के प्रोटेस्ट से तो निपटा जा सकता है पर इस प्रोटेस्ट के बहाने कांग्रेस फुटेज खाए और जनता के बीच पहुंचे भाजपा ऐसा होने तो नहीं दे सकती।
यही वजह है कि पीएम आवास के सामने प्रदर्शन के बाद पूरे देश में भाजपा ने अपना नरैटिव खड़ा कर दिया कि पीएम आवास के सामने इस तरह का प्रदर्शन ना केवल असंवैधानिक है बल्कि अराजक भी है।
इस प्रदर्शन के बहाने कांग्रेस ही नहीं बल्कि राहुल गांधी को सीधे निशाने पर लेकर भाजपा ने अपना बड़ा खेल कर दिया है। इस समय कांग्रेस की आड़ में खड़ी पार्टियां खुद ही अपना मसला संभाल नहीं पा रही हैं तो ऐसे में उनके किसी भी बयान का जनता में प्रभाव असंभव है।
उनकी उम्मीदें तो बस युवाओं के तेवर पर ही टिकी है। ऐसी पार्टियां सोच रही है कि यदि युवा भाजपा से चिढ़ते हैं तो उनके वोट बैंक के लिए इनका एक हिस्सा इन दलों को पुर्नजीवित कर सकता है।
शायद इन पार्टियों की यह भूल है। जो दल अपने अस्तित्व को संभाल नहीं पा रही हैं उन पर जनता का भरोसा बन पाना कठिन है। यह बात भाजपा को ज्यादा बेहतर पता है।
देखिए बीते कुछ माह में देश के भीतर से ऐसे सारे चेहरे जो धीरे—धीरे जनता की आवाज बन रहे थे वे अब भाजपा का हिस्सा हैं। कांग्रेस दक्षिण से बाहर नहीं है। जिन राज्यों में कांग्रेस की उम्मीद है वहां भी उनके भीतर अंर्तद्वंद चल रहा है। ऐसे में कॉकरोच के सहारे भला किसकी वैतरणी पार हो सकती है…?
इस समय यह देखना रोचक होगा कि जब सोनम वांगचूक अपना अनशन खत्म कर देंगे और सीजेपी प्रोटेस्ट को धीमे से निपटा दिया जाएगा। लोग भले ही सोच रहे हैं कि युवाओं का यह आक्रोश सत्ता के लिए बड़ी चुनौती बनेगा वे भूल रहे हैं कि भाजपा का संगठन अपने तौर तरीकों से इसका पूरा ठिकरा कांग्रेस पर फोड़कर दुबारा खड़ा हो जाएगा।
पूरा खेल नरैटिव का है इस समय मेन स्ट्रीम मीडिया सीजेपी प्रोटेस्ट से खासी चिढ़ी हुई है। यही भाजपा का सबसे बड़ा हथियार है। सोशल मीडिया के रील से ज्यादा भरोसा लोगों को अब भी न्यूज पेपर और न्यूज चैनलों की खबरों पर है। और इस खबरों के खेल में भाजपा को कोई दूर तक नहीं पकड़ सकता।
क्या लगता है आपको?






