Breaking NewsNaxal

माओवादियों के जाल में फंसे 17 जवान शहीद… जवानों के शव बरामद… कल से लापता थे जवान… आज सुबह चिंतागुफा से सुबह निकली सर्चिंग पार्टी… करीब 7 किलोमीटर दूर है घटना स्थल…

  • इम्पेक्ट न्यूज. रायपुर/चिंतागुफा

सुकमा जिले के कसालपाड और मिनपा के बीच मुठभेड़ में 17 जवान शहीद हो गए हैं। शहीद जवानों के शव सर्चिंग पार्टी ने बरामद कर लिया है। कल देर शाम तक कुल 17 जवान लापता हो गए थे जिनमें से तीन जवानों का सर्चिंग पार्टी से संपर्क हो पाया था।

शेष के बारे में किसी तरह की जानकारी नहीं मिल पा रही थी। जिनके बारे में आज सुबह से आपरेशन चलाया गया। शहीद 17 जवानों के शव सर्चिंग पार्टी ने बरामद कर लिया है।

दोपहर चिंतागुफा से करीब साढ़े सात किलोमीटर दूर जवानों के शव बरामद किए जा सके। माओवादी शहीद जवानों के हथियार लूट कर ले गए। शनिवार को सीआरपीएफ, एसटीएफ और डीआरजी के करीब 550 जवान सर्चिंग पर निकले थे.

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज राजधानी रायपुर के रामकृष्ण केयर अस्पताल पहुंचकर वहां इलाज के लिए दाखिल जवानों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य का हालचाल पूछा। ये जवान कल सुकमा के पास हुई नक्सल मुठभेड़ में घायल हो गए थे।

मुख्यमंत्री ने सभी जवानों को बेहतर से बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश डॉक्टरों को दिए है। कल के मुठभेड़ में घायल 15 जवानों का इलाज राजधानी रायपुर के रामकृष्ण केयर अस्पताल मैं चल रहा है, जिसमें दो जवान गंभीर हैं तथा 13 जवानों की स्थिति सामान्य है। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक डीएम अवस्थी, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू और आयुक्त जनसंपर्क तारन प्रकाश सिन्हा उपस्थित थे।

बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में लापता 17 जवानों के शव बरामद कर लिए गए हैं। बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया कि सुरक्षा बल ने 17 जवानों के शवों को बरामद कर लिया है तथा उन्हें जंगल से बाहर निकाला जा रहा है। जवान नक्सलियों के साथ मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए हैं।

सुंदरराज ने बताया कि शनिवार (21 मार्च) को सुकमा जिले के एलमागुड़ा में नक्सली गतिविधियों की सूचना के बाद चिंतागुफा, बुरकपाल और तिमेलवाड़ा से डीआरजी, एसटीएफ और सीआपीएफ के कोबरा बटालियन के छह सौ जवानों को रवाना किया गया था। उन्होंने बताया कि जब सुरक्षा बल के जवान मिनपा गांव के जंगल में थे तब लगभग 250 की संख्या में नक्सलियों ने जवानों पर हमला कर दिया। इस घटना में 15 जवान घायल हो गए थे। लगभग ढाई घंटे तक दोनों ओर से गोलीबारी होने के बाद नक्सली वहां से फरार हो गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!