Politics

दशकों तक याद किया जाएगा : केजरीवाल ने खुलकर की कांग्रेस की तारीफ… राहुल गांधी को लेटर में ये कहा…

इम्पैक्ट डेस्क.


दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सांसद राहुल गांधी को लेटर लिखा है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक का भी पद संभालने वाले केजरीवाल ने दोनों नेताओं को दिल्ली वाले बिल पर संसद में साथ देने के लिए धन्यवाद दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि संविधान के सिद्धांतों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दशकों तक याद रखा जाएगा।

अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वायनाड से सांसद राहुल गांधी को लिखा, ‘जीएनसीटीडी (अमेंडमेंट) बिल 2023 को आपकी पार्टी की ओर से खारिज किए जाने और इसके खिलाफ वोटिंग के लिए मैं दिल्ली के 2 करोड़ लोगों की तरफ से कृतज्ञता वक्त करता हूं।’ उन्होंने संसद के बाहर और अंदर बिल के खिलाफ आवाज उठाने के लिए कांग्रेस की तारीफ भी की। 

केजरीवाल ने कहा, ‘संसद के बाहर और अंदर दिल्ली के लोगों के अधिकार की आवाज जोरदार तरीके से उठाने के लिए मैं दिल से तारीफ करता हूं। मुझे विश्वास है कि संविधान के सिद्धांतों के प्रति आपकी अटल निष्ठा को दशकों तक याद किया जाएगा।’ केजरीवाल ने बिल के पास हो जान के बावजूद कांग्रेस के साथ बने रहने का संकेत देते हुए कहा, ‘संविधान की अनदेखी करने वाली ताकतों के खिलाफ लड़ाई में आपका समर्थन मिलते रहने का विश्वास है।’ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को लिखे लेटर में भी केजरीवाल ने यही बातें कहीं हैं।

कांग्रेस सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन चलाकर राजनीति में उतरने वाले अरविंद केजरीवाल मोदी सरकार के खिलाफ विपक्षी गठबंधन में शामिल हो चुके हैं। ‘इंडिया’ नाम से बनाए गए गठबंधन में कांग्रेस और ‘आप’ समेत 26 दल हैं। हालांकि, अरविंद केजरीवाल की पार्टी इससे पहले भी कांग्रेस से समर्थन ले चुकी है। दिल्ली में कांग्रेस के समर्थन से ही उन्होंने पहली बार सरकार बनाई थी जो 49 दिन ही चल सकी थी। आप ने कांग्रेस से दिल्ली और पंजाब में सत्ता छीनी तो गुजरात, गोवा समेत कई राज्यों में उसके वोट हिस्सेदारी में कटौती की। मोदी सरकार को केंद्र की सत्ता से हटाने के मकसद से दोनों दल साथ आ गए हैं।

error: Content is protected !!