लोगों को गाड़ी से रौंदने का वीडियो अब हो रहा वायरल, प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया में किया शेयर, 8 की गई है जान…
इंपैक्ट डेस्क.
लखीमपुर खीरी केस में लोगों के कुचलने का वीडियो अब वायरल हो रहा है। वीडियो को लेकर विपक्ष, सरकार पर और हमलावर हो गया है। जबकि सरकार इस मामले पर अभी भी चुप्पी साधे हुए हैं। प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा है- “मोदी जी आपकी सरकार ने बगैर किसी ऑर्डर और एफआईआर के मुझे पिछले 28 घंटे से हिरासत में रखा है। अन्नदाता को कुचल देने वाला ये व्यक्ति अब तक गिरफ्तार नहीं हुआ। क्यों”?
उधर संजय सिंह ने भी एक वीडियो ट्विटर पर शेयर कर कहा है कि किसानों की हत्यारी गाड़ियों की रफ्तार देखिये। आदित्यनाथ जी, आपके राज में किसानों की निर्मम हत्या करने वाले गिरफ्तार कब होंगे? पिछले 30 घंटे से आपने मुझे मेरे साथियों के साथ पुलिस हिरासत में रखा है। लेकिन हत्यारे खुलेआम घूम रहे हैं। क्या यही आपके न्याय का सिद्धांत है?
कांग्रेस के अधिकारिक पेज से इस वीडियो को ट्वीट करके सरकार पर हमला बोला है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि काफिले की गाड़ियां किसानों को रौंदती हुई निकलती जा रही है। प्रदर्शनकारी किसानों के पीछे अचानक से गाड़ी आती है और उन्हें टक्कर मारती हुई निकल जाती है।
