Big news

दुनिया के 10 सबसे अरबपतियों की रैंकिंग में उथल-पुथल : जेफ बेजोस बने दुनिया के दूसरे सबसे रईस… मुकेश अंबानी और अडानी इतने नंबर पर…

इम्पैक्ट डेस्क.

अमेरिकी शेयर बाजारों में पिछले कई दिनों से तेजी जारी है। इसकी वजह से दुनिया के अमीरों की लिस्ट में भारी उथल-पुथल मची है। अमेजन के पूर्व सीईओ जेफ बेजोस ने बर्नार्ड अर्नाल्ट को पीछे छोड़ दिया है। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स की ताजी सूची में बेजोस अब दुनिया के दूसरे सबसे बड़े रईस बन गए हैं। पहले स्थान पर एलन मस्क हैं।

दुनिया के टॉप 10 अरबपतियों में से 9 की संपत्ति में बुधवार को इजाफा हुआ। केवल बर्नार्ड अर्नाल्ट ही एक ऐसे शख्स थे, जिनकी संपत्ति में 188 मिलियन डॉलर की गिरावट दर्ज की गई। जबकि, जेफ बेजोस ने 3.95 बिलियन डॉलर की कमाई की। इससे जेफ बेजोस अमीरों की इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर पहुंच गए। इनके पास कुल 160 अरब डॉलर की संपत्ति हो गई है। बर्नार्ड अर्नाल्ट के पास अब केवल 157 अरब डॉलर की संपत्ति रह गई है।

एलन मस्क पहले की तरह नंबर एक पर काबिज हैं। इनका नेटवर्थ इस समय 198 अरब डॉलर है। मस्क की संपत्ति में बुधवार को 3.51 अरब डॉलर का इजाफा हुआ। इस साल अब तक उनकी संपत्ति में 61.50 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई है। कमाई में वह दूसरे स्थान पर हैं। पहले पर मार्ज जुकरबर्ग हैं, जिनकी संपत्ति इस साल 67.4 अरब डॉलर बढ़ी है। हालांकि, अरबपतियों की लिस्ट में जुकरबर्ग 9वें स्थान पर हैं। इनका नेटवर्थ 113 अरब डॉलर है।

मुकेश अंबानी 11वें और अडानी 22वें स्थान पर
मुकेश अंबानी 85.7 अरब डॉलर की कुल संपत्ति के साथ 11वें स्थान पर हैं। इस साल अबतक उनकी संपत्ति में 1.40 अरब डॉलर की कमी दर्ज की गई है। बुधवार को 1.49 अरब डॉलर गंवाने वाले गौतम अडानी एक पायदान और नीचे खिसक कर 22वें पर आ गए है। इनकी कुल संपत्ति का मूल्य 58.7 अरब डॉलर है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक बार फिर भारतीय अरबपति शिव नदार को 46वें स्थान पर ढकेल दिया है। पुतिन अब 44वें स्थान पर हैं।

error: Content is protected !!