Crime

जादू टोने की वजह से बेटी होने का था शक : मां ने अपनी 3 दिन की बच्ची को जिंदा दफनाया, मौत…

इम्पैक्ट डेस्क.

मोहाली के नयागांव में एक मां ने अपनी 3 दिन की बच्ची को जिंदा दफना दिया। जब पति को इसका पता चला तो उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बच्ची को जमीन से निकलवाकर अस्पताल में दाखिल करवाया। सोमवार को पी.जी.आई. में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी महिला पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। महिला डिप्रैशन का शिकार बताई जा रही है। 

पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो राज खोला

आरोपी के पति राजकुमार ने बताया कि वह पेंटर का काम करता है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। उसके पहले से दो लड़के हैं। बड़ा लड़का 14 और छोटे की उम्र 5 साल है। उसकी पत्नी
अनीता रानी ने शुक्रवार को एक लड़की को जन्म दिया। अनीता बच्ची के साथ घर पर थी। वहीं पति काम पर चला गया। राजकुमार ने बताया कि वह काम से घर लौटा तो उसे बच्ची नजर नहीं आई। उसने पत्नी अनीता से पूछा लेकिन वह कोई जवाब नहीं दे रही थी। उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने महिला से सख्ती से पूछताछ की तो उसने वारदात की जानकारी दी। 

बाहर निकाली तब चल रही थी बच्ची की नब्ज़ 

एस.एच.ओ. कुलवंत सिंह ने बताया कि मौके पर पहुंचकर आरोपी की निशानदेही पर बच्ची को पटियाला की राव नदी एरिया में गड्ढे से निकाला गया। उस समय बच्ची की नब्ज चल रही थी। तुरंत बच्ची को सैक्टर-16 स्थित अस्पताल ले जाया गया। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डाक्टरों ने पी.जी.आई. रैफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान मृत घोषित कर दिया गया।

जन्म के बाद से ही जादू टोना की बात कहती रहती थी 

राजकुमार ने पुलिस को बताया कि जब से यह लड़की पैदा हुई थी तब से ही उसकी पत्नी बार-बार बोलती थी कि यह लड़की उसने पैदा नहीं की है। यह लड़की किसी जादू टोना की वजह से उसके गर्भ में आई थी। तभी से उसकी मां उसे अपने बच्चे की नजर से नहीं देखती थी।

error: Content is protected !!