State News

छत्तीसगढ़ BJP नेता की हत्या से आक्रोश रमन सिंह गरजे, बोले… गाज बनकर गिरेगा लहू का हर कतरा… व्यर्थ नहीं जायेगा बलिदान

इम्पैक्ट डेस्क.

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में शुक्रवार शाम को भाजपा के एक स्थानीय नेता की गोली मारकर हत्या के बाद सूबे का सियासी ताप बढ़ गया है। भाजपा ने हमले के पीछे किसी साजिश की आशंका जताई है। घटना शुक्रवार रात करीब आठ बजे उस वक्त हुई जब भाजपा की नारायणपुर जिला इकाई के उपाध्यक्ष सागर साहू (Sagar Sahu) छोटेडोंगर गांव में अपने घर पर टीवी देख रहे थे। पुलिस ने बताया कि दो अज्ञात व्यक्ति साहू के घर में दनदनाते हुए घुसे और उनके परिवार के सदस्यों के सामने ही सागर साहू ताबड़तोड़ दो राउंड फायर झोंक दिया। थाना से महज 100 मीटर दूर हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। 

भाजपा ने बोला हमला, रमन सिंह ने दागे सवाल
इस हत्याकांड को लेकर सूबे का सियासी माहौल गरमा गया है। रमन सिंह ने घटना पर सवाल उठाते हुए गहरी साजिश की आशंका जताई। उन्होंने ट्वीट कर कहा- पिछले 1 महीने के दौरान बस्तर क्षेत्र में 3 भाजपा नेताओं की हत्या की गई है। आखिर किस साजिश के तहत ये हत्याएं की जा रही हैं? बस्तर के लिए समर्पित इन नेताओं के खून की एक-एक बूंद जो छत्तीसगढ़ महतारी के आंचल पर गिरी है, वह हर अलोकतांत्रिक ताकत पर गाज बनकर गिरेगी। 

गरजे रमन- व्यर्थ नहीं जायेगा बलिदान
सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के कद्दावर नेता रमन सिंह ने आगे कहा- नारायणपुर भाजपा के जिला उपाध्यक्ष सागर साहू जी की नक्सलियों द्वारा की गई हत्या पूरी भाजपा पर हमला है।
सागर साहू जी का बलिदान व्यर्थ नहीं जायेगा। मैं दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक-संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं। कई भाजपा नेता सागर साहू के घर पर पहुंच रहे हैं।

एक हफ्ते के भीतर भाजपा के दूसरे नेता पर हमला
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायल सागर साहू को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए वहां से उनको नारायणपुर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान साहू की मौत हो गई। पुलिस को नक्सलियों द्वारा वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका है। अभी पांच दिन पहले ही रविवार को बीजापुर जिले में नक्सलियों ने भाजपा के एक अन्य नेता को निशाना बनाया था। नक्सलियों ने अवापल्ली मंडल इकाई के अध्यक्ष नीलकंठ काकेम (40) की हत्या कर दी थी। सूबे में लगातार हो रही भाजपा नेताओं की हत्या को लेकर कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

घटना के वक्त देख रहे थे टीवी
बताया जाता है कि यह घटना छोटे डोंगर थाना से करीब 100 मीटर की दूरी पर ही हुई। रात करीब 8 बजे नक्सली अचानक बीजेपी नेता सागर साहू के घर में दनदनाते हुए घुस आए। उन्होंने पूरे परिवार के सामने भाजपा नेता के सिर में गोली मार दी। घटना के वक्त भाजपा नेता टीवी देख रहे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद नक्सली भाग गए। नारायणपुर एएसपी हेमसागर सिदार ने प्रेस कांफ्रेस कर बताया कि हमलावर मोटरसाइकिल पर सवार होकर साहू के घर पहुंचे थे। उन्होंने दो राउंड फायर किए जिसके खाली खोखे मौके से बरामद किए गए हैं। वहीं स्थानीय लोगों की मानें तो सागर साहू को नक्सलियों की ओर से धमकियां दी जा रही थीं। 

error: Content is protected !!