Big news

छत्तीसगढ़ के 3 सांसद बने NDA उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावक… रेणुका सिंह, रामविचार नेताम और संतोष पांडेय ने किए हस्ताक्षर…

इम्पैक्ट डेस्क.

छत्तीसगढ़ के 3 सांसद राष्ट्रपति पद के भाजपा प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावक बने हैं। गुरुवार को केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी के घर पर प्रस्तावक और समर्थक के तौर पर मुर्मू के नामांकन पत्र पर इन सांसदों ने हस्ताक्षर किए। एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को नामांकन दाखिल करेंगी। जिन सांसदों ने हस्ताक्षर किए हैं उनमें राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम, राजनांदगांव के सांसद संतोष पांडेय और सरगुजा की सांसद रेणुका सिंह शामिल हैं।  

राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम ने ट्वीट कर कहा कि यह मेरे लिए बहुत सुखद और आत्मगौरव का दिन है। संसदीय कार्य मंत्री प्रहलाद जोशी के आवास पर एनडीए के राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के नामांकन पत्र पर प्रस्तावक के रूप में शामिल हुआ। बता दें कि रामविचार नेताम छत्तीसगढ़ से राज्यसभा के सांसद हैं और उनका कार्यकाल जून माह में समाप्त हो रहा है। 

संतोष राजनादंगांव व रेणुका सरगुजा से सांसद 
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू के प्रस्ताव के तौर पर सरगुजा सांसद रेणुका सिंह ने भी हस्ताक्षर किए हैं। रेणुका सिंह अभी केंद्रीय राज्यमंत्री हैं। वहीं राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद संतोष पांडेय ने भी प्रस्तावक के तौर पर हस्ताक्षर किए। बता दें कि राष्ट्रपति चुनाव में 50 सांसद, विधायक प्रस्तावक होते हैं। इन प्रस्तावकों में छत्तीसगढ़ के 3 सांसद भी शामिल हैं।

कौन हैं एनडीए की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू
एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का जन्म छत्तीसगढ़ के पड़ोसी राज्य ओडिशा के मयूरभंज जिले के बैदापोसी गांव में हुआ। उनके पिता का नाम बिरंची नारायण टुडू है। वह एक आदिवासी जातीय समूह संथाल परिवार से ताल्लुक रखती हैं। ओडिशा के आदिवासी परिवार में जन्मीं द्रौपदी मुर्मू झारखंड की नौवीं राज्यपाल बनी थीं। राजनीतिज्ञ होने के अलावा वह अनुसूचित जनजाति समुदाय से आती हैं। राज्यपाल बनने से पहले वह भाजपा की सदस्य रहीं हैं।

error: Content is protected !!