Breaking News

वाराणसी सीट से पीएम नरेंद्र मोदी कड़े मुकाबले में जीते… पोस्टल बैलेट में अंतर महज 158…

इम्पेक्ट न्यूज।

लोकसभा चुनाव का परिणाम अब सामने आने लगा है। हिंदुस्तान की सबसे ज्यादा प्रभावशाली वाराणसी की सीट से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के अजय राय को एक लाख 52 हजार पांच सौ 13 वोटों के अंतर से पराजित किया। नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार वाराणसी सीट से निर्वाचित हुए हैं।

सबसे रोचक मामला यहां भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों के बीच वोटों के अंतर को लेकर दिखाई दिया है। नरेंद्र मोदी को 612970 मत हासिल हुए वहीं अजय राय को 460457 मत मिले। इस लोकसभा सीट में नोटा को 8478 मत प्राप्त हुए हैं। रोचक तथ्य यह भी है कि वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पोस्टल बैलेट के 1531 मत मिले। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय को 1373 मत हासिल हुए हैं। यानी महज 158 पोस्टल बैलेट का अंतर रहा।

समाचार लिखे जाने तक उत्तर प्रदेश की 80 सीटों में से 38 में समाजवादी पार्टी, 32 में भारतीय जनता पार्टी, 6 में कांग्रेस, दो में राष्ट्रीय लोकदल, आजाद समाज पार्टी कांशीराम से एक और अपना दल एक या तो बढ़त में हैं या जीत चुके हैं।

छत्तीसगढ़ की 11 लोक सभा सीटों में चुनाव आयोग के अनुसार 10 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी या तो बढ़त बनाए हुए हैं या जीत चुके हैं। यहां एक मात्र कोरबा सीट से ज्योत्सना महंत ने दुबारा जीत दर्ज की हैं।

कांकेर में सबसे करीबी मुकाबला रहा यहां भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी भोजराम नाग ने कांग्रेस प्रत्याशी बिरेश ठाकुर पर महज 1883 मतों से बढ़त हासिल की है।

दुर्ग सीटे से भाजपा के प्रत्याशी विजय बघेल को कुल 956497 मत मिले हैं उन्होंने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के राजेंद्र साहू को 438226 अंतर से पीछे कर दिया है।

रायपुर सीट से छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने करीब साढ़े पांच लाख की बढ़त हासिल की है। उन्हें कुल 1030749 मत हासिल हुए हैं। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी विकास उपाध्याय को करीब 562120 मतों के अंतर से पीछे छोड़ दिया है। यहां कुल 38 प्रत्याशी मैदान में थे जिनमें से 38 की जमानत जब्त होने की संभावना है।

बस्तर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक कवासी लखमा का मुकाबला भाजपा के नए चेहरे महेश कश्यप के साथ रहा। यहां कड़े मुकाबले में भाजपा के महेश कश्यप ने कुल 4 लाख 58 हजार 398 मत हालिस किए। कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा को इस सीट पर करीब 55 हजार 245 मतों के अंतर से पराजय हासिल हुआ है। बस्तर लोकसभा क्षेत्र में नोटा को कुल 36758 मत प्राप्त हुए हैं।