Big news

टूटने लगा दिल्ली का सब्र : नए साल पर बेटी से क्रूरता पर घेरा थाना… AAP विधायक की गाड़ी तोड़ी… परिजनों ने लगाये आरोप…

इम्पैक्ट डेस्क.

कंझावाला कांड में दिल्ली के लोगों का गम और गुस्सा बढ़ता जा रहा है। पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगा रहे गुस्साए लोगों ने सोमवार को सुल्तानपुरी थाने का घेराव किया। इस दौरान वहां पहुंची आम आदमी पार्टी की विधायक राखी बिरला को भी विरोध का सामना करना पड़ा। लोगों ने आरोप लगाया कि वह दो दिन बाद यहां राजनीति करने आई हैं। वहीं, राखी ने कहा कि लोगों ने पुलिस की गाड़ी समझकर उनको घेरा था और अपना गुस्सा जाहिर किया।

विरोध के बावजूद पीड़ित परिवार के साथ धरने पर बैठीं राखी बिरला ने कहा कि लोगों को गुस्सा जायज है।। उन्होंने कहा, ”पुलिस प्रशासन का लचर रवैया है। लोगों को गुस्सा मुझ पर या मेरी गाड़ी पर उतरे उससे फर्क नहीं पड़ता, फर्क पड़ता है कि हमारी गुड़िया को न्याय मिलना चाहिए। उन दरिंदों को फांसी की सज़ा मिलनी चाहिए। लोगों को लगा कि वह पुलिस गाड़ी है।”

नए साल की रात स्कूटी सवार युवती को टक्कर मारने के बाद कार सवार पांच आरोपी उसे 12 किलोमीटर तक घसीटते रहे। परिवार हत्या से पहले रेप और निर्भया जैसी क्रूरता का आरोप लगा रही है। वहीं, पुलिस ने दुर्घटना और गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगाते हुए सोमवार दोपहर बड़ी संख्या में लोग सुल्तानपुरी थाने पर जुट गए। लोग आरोपियों को भीड़ के हवाले किए जाने की मांग करते हुए दिल्ली पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।

इस बीच आम आदमी पार्टी की विधायक राखी बिरला भी मौके पर पहुंच गई। लोगों ने उनकी गाड़ी को भी घेर लिया। महिलाओं ने गाड़ी पर अपना आक्रोश निकाला और जमकर तोड़फोड़ की। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि विधायक दो दिन बाद यहां राजनीति करने पहुंचीं हैं। आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि आरोपियों में भाजपा का एक नेता भी शामिल है। इसलिए पुलिस उन्हें बचाने की कोशिश कर रही है।

error: Content is protected !!