State News

CG : प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का बड़ा बयान… बोले- कांग्रेस आरक्षण देने वाली नहीं, बल्कि आरक्षण छीनने वाली है… प्रदेश में SC को 32% आरक्षण मिला था, पर कांग्रेस ने उसे छीन लिया…

इम्पैक्ट डेस्क.

छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव को अभी लगभग 10 महीने बाकी है, लेकिन सियासी गलियारों में पारा अभी से हाई है। प्रदेश की सत्ताधारी पार्टी और विपक्ष के नेता अलग-अलग मुद्दे को लेकर लगातार एक दूसरे पर हमला कर रहे हैं। इसी कड़ी में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने आरक्षण संशोधन विधेयक, धान खरीदी सहित कई मुद्दों को लेकर कांग्रेस पार्टी को आड़े हाथों लिया है।

आरक्षण संशोधन विधेयक को लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने कहा है कि कांग्रेस आरक्षण के नाम पर सिर्फ राजनीति कर रही है। कांग्रेस आरक्षण देने वाली नहीं, बल्कि आरक्षण छीनने वाली है। प्रदेश में SC को 32% आरक्षण मिला था, कांग्रेस ने उसे छीन लिया। आरक्षण के नाम पर कांग्रेस राजनीति करना और भ्रम फैलाना बंद करें। बता दें कि आरक्षण संशोधन विधेयक सदन से पास करा लिया गया है, लेकिन राज्यपाल ने अभी तक इस विधेयक पर हस्ताक्षर नहीं किया है। वहीं, अब इस मामले को लेकर हाईकार्ट में याचिका दायर की गई है।


वहीं, अरुण साव ने धान खरीदी के मुद्दे को लेकर कहा कि केंद्र सरकार की ओर से छत्तीसगढ़ को ज्यादा राशि दी गई है। छत्तीसगढ़ सरकार को प्रधानमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित करना चाहिए। छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए भारत सरकार लगातार काम कर रही है।


उन्होंने अमरजीत भगत के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता जनता का सामना नहीं कर पा रहे हैं। कांग्रेस के विधायक, मंत्री के प्रति जनता का आक्रोश दिख रहा है। कांग्रेस ने धरातल में कुछ काम नहीं किया, छत्तीसगढ़ की संस्कृति और विकास को रोका गया है। कांग्रेस वाले धीरे धीरे मानसिक संतुलन खो रहे हैं और वे लगातार असंसदीय भाषा का प्रयोग कर रहे हैं।


दिग्विजय सिंह के बयान पर तंज कसते हुए अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस लगातार सेना के मनोबल गिराने का काम करती है, वो पाकिस्तान परस्ती दिखाते रहे हैं। यह देश के लिए दुर्भाग्यजनक है, इसलिए जनता इनसे दूर हो गई है। वहीं, कांग्रेस की खेलकूद वाले बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि सांसद खेलकूद अभियान पिछले 1 सालों से चल रहा है। बीजेपी को कांग्रेस की नकल करने की आवश्यकता नहीं। कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी की नकल कर रही है।

error: Content is protected !!