Big newsCrime

घर में फंदे से लटके मिले पति-पत्नी और आठ साल की बेटी के शव… पुलिस जांच में जुटी…

इम्पैक्ट डेस्क.

आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर 10 में बुधवार की सुबह एक परिवार के तीन सदस्यों के शव घर में फंदे पर लटके मिले। पुलिस सामूहिक आत्महत्या की आशंका जता रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस जांच में जुटी है। 

आवास विकास कॉलोनी निवासी सोनू, उसकी पत्नी गीता, आठ साल की बेटी सृष्टि और बेटा श्याम घर में रहते थे। मंगलवार रात को सभी सोए थे। बेटा श्याम सुबह जगह तो पिता मां और बहन के शव फंदे पर लटके मिले। शवों को देखकर वह चीखने लगा। आसपास के लोग जुट गए।

बेटे ने दी मामा को सूचना 

मृतक दंपती के बेटे ने घटना की जानकारी फोन कर अपने मामा विजय कश्यप को दी। विजय कश्यप ने पुलिस को जानकारी दी। सीओ हरी पर्वत सत्यनारायण का कहना है कि घटना की जानकारी मिली है। इसका कारण पता किया जा रहा है। जांच की जा रही है।

15 साल पहले किया था प्रेम विवाह

आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर 10 के रहने वाले सोनू ने 15 साल पहले आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर-12 निवासी गीता से प्यार किया था। इसके बाद दोनों घर से चले गए थे। उन्होंने प्रेम विवाह कर लिया था। सोनू और गीता हरिद्वार में रहते थे। सोनू एक फैक्टरी में काम करता था, लेकिन छह साल पहले उसका एक्सीडेंट हो गया, जिससे काम छूट गया था। बताया जा रहा है कि परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था।  

घटना से मोहल्ले के लोग स्तब्ध 

दंपती और उनकी बेटी की मौत से मोहल्ले के लोग स्तब्ध हैं। हर किसी के जहन में यह सवाल है कि आखिर कैसे तीनों की मौत हुई है। मृतक दंपती के बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर डॉग स्क्वायड को बुलाया गया है। घटनास्थल पर गहनता से जांच की गई है। 

error: Content is protected !!