Breaking News

रमन सिंह के आसरे प्रदेश की भाजपा… केंद्रीय नेतृत्व को अब भी रमन पर भरोसा… अब साय 3री बार संभालेंगे प्रदेश भाजपा की कमान…

इम्पेक्ट न्यूज. रायपुर।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति पर सभी की निगाह लगी रही। आखिरकार पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने यह साबित कर दिया है कि छत्तीसगढ़ में फिलहाल उनका कोई विकल्प नहीं है। डा. रमन के खेमे के पूर्व केंद्रीय मंत्री व दो बार के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय भाजपा के अध्यक्ष नियुक्त कर दिए गए हैं।

प्रदेश में चौथी बार सत्ता की तैयारी में जुटी भाजपा के बुरी तरह से पराजय के लिए प्रदेश के कार्यकर्ता मुख्यमंत्री रमन सिंह को जिम्मेदार मानते हैं। यदा—कदा सोशल मीडिया में पार्टी के कई कर्मठ कार्यकर्ताओं का रूख देखने से ऐसा ही लगता है। जब नेता प्रतिपक्ष के लिए धरमलाल कौशिक के नाम पर मुहर लगी तो भी यही कहा गया कि संगठन की आंतरिक लड़ाई में रमन ने अपने नाम बाजी कर ली।

बीजेपी आलाकमान ने पूर्व केंद्रीय मंत्री विष्णुदेव साय को प्रदेश संगठन की कमान सौंपी है। बीजेपी ने आधिकारिक नियुक्ति आदेश जारी कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति के पहले राष्ट्रीय संगठन ने पर्यवेक्षक भेजकर राज्य संगठन के तमाम आला नेताओं से फीडबैक लिया था। पर्यवेक्षक की रिपोर्ट मिलने के बाद आलाकमान ने साय के नाम पर मुहर लगा दी।

विष्णुदेव साय पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह के बेहद करीबी माने जाते है, इस लिहाज से संगठन के भीतर चर्चा है कि प्रदेश अध्यक्ष भले ही साय होंगे, लेकिन कमान रमन सिंह के हाथों ही होगी।
विष्णुदेव साय की नियुक्ति को आदिवासी वर्ग को साधने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। साय के नेतृत्व में बीजेपी संगठन एक मजबूत विपक्ष की भूमिका का निर्वहन करता रहेगा।

प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन के पहले जेपी नड्डा बीजेपी के पूर्णकालिक राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए गए। तब यह सुनिश्चित हो गया था कि अब बीजेपी हाईकमान ही प्रदेश अध्यक्ष को मनोनीत करेगा। नड्डा के अध्यक्ष बनने के बाद से ही राज्य में प्रदेश अध्यक्ष को लेकर चर्चा शुरू हो गई थी।

साल 2006 से 2019 तक विष्णुदेव साय प्रदेश अध्य़क्ष की बागडोर संभाल चुके हैं। 2013 में विधानसभा चुनाव में तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष रामसेवक पैकरा के चुनाव जीतने के बाद भी राष्ट्रीय नेतृत्व ने विष्णुदेव साय को दोबारा प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी। रायगढ़ लोकसभा सीट से लगातार चार बार जीत दर्ज कर चुके विष्णुदेव साय साल 2014 में मोदी मंत्रीमंडल में शामिल किए गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!