कायाकल्प कार्यक्रम के तहत बीजापुर के आयुष औषधालयों का निरीक्षण, स्वास्थ्य सुविधाओं और स्वच्छता की सराहना
बीजापुर, 10 नवंबर 2026। जिले में आयुष चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कायाकल्प कार्यक्रम के अंतर्गत आयुष संस्थानों का निरीक्षण किया गया। संचालनालय आयुष विभाग, रायपुर की टीम ने जिला चिकित्सालय बीजापुर स्थित स्पेशियलिटी क्लिनिक और आयुष्मान आरोग्य मंदिर तुमनार में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, उपकरणों तथा अभिलेखों का मूल्यांकन किया।
निरीक्षण दल ने तुमनार स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में पदस्थ चिकित्सक डॉ. मधुबाला रामटेके एवं कर्मचारियों से राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों की जानकारी ली। टीम ने संस्थान की साफ-सफाई, आवश्यक चिकित्सा उपकरणों, औषधियों तथा औषधीय उद्यान की व्यवस्थाओं की सराहना की।
आयुष गार्डन और व्यवस्थाओं की सराहना
औषधालय परिसर में विकसित आयुष गार्डन में विभिन्न औषधीय पौधों के नाम एवं पहचान संबंधी नेम प्लेट लगाई गई हैं। निरीक्षण दल ने स्टाफ उपस्थिति, आयुषदीप समिति की बैठकों, रोगियों की संख्या तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण की भी सराहना की।
संस्थान में स्वच्छ पेयजल, बिजली, शौचालय, स्नानघर, किचन, सौर ऊर्जा व्यवस्था और आवश्यक औषधियों की उपलब्धता निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गई। दल ने चिकित्सक और कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए अन्य औषधालयों को भी बेहतर बनाने के सुझाव दिए।
ग्रामीण क्षेत्रों में आयुर्वेद सेवाओं का विस्तार
आयुष विभाग द्वारा दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक आयुर्वेद चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। वयोमित्र, सियान जतन तथा ऋतुचर्या जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से वृद्धजनों को स्वास्थ्य परामर्श एवं उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। गैर-संचारी रोगों की रोकथाम के लिए एनपीसीडीसीएस कार्यक्रम के अंतर्गत मधुमेह, उच्च रक्तचाप और कैंसर जैसी बीमारियों की स्क्रीनिंग भी की जा रही है।
स्कूलों में योग और स्वास्थ्य जागरूकता
आर्युविद्या कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वस्थ दिनचर्या, ऋतुचर्या, रक्ताल्पता से बचाव, घरेलू औषधीय उपायों तथा स्वास्थ्य संरक्षण की जानकारी दी जा रही है। जिले में चिन्हांकित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से नौ स्थानों पर स्कूलों और आश्रमों में नियमित योगाभ्यास भी कराया जा रहा है।
कायाकल्प कार्यक्रम के माध्यम से आयुष संस्थानों की गुणवत्ता सुधारने और ग्रामीण नागरिकों तक पारंपरिक भारतीय चिकित्सा पद्धतियों का लाभ पहुंचाने के प्रयास जारी हैं।
