केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स फॉर डिस्ट्रिक्ट्स (PGI-D) 2024-25 रिपोर्ट ने छत्तीसगढ़ की स्कूल शिक्षा में डिजिटल लर्निंग को सबसे कमजोर कड़ी बता दिया है। कुल 600 अंकों वाले आकलन में डिजिटल लर्निंग (DL) श्रेणी के 50 अंकों में राज्य के अधिकांश जिले 10-20 अंकों के बीच सिमट गए, जबकि नारायणपुर और सुकमा जैसे जिलों का स्कोर महज 6 अंक रह गया। राजधानी रायपुर (23 अंक) और राजनांदगांव (20 अंक) ही इस श्रेणी में थोड़ी राहत दे सके, लेकिन यह भी कुल वेटेज का आधा से भी कम है।
रिपोर्ट साफ संकेत देती है कि डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में राज्य अभी भी काफी पीछे है, जबकि परिणाम (Outcomes) और स्कूल सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में कुछ जिलों ने अच्छा प्रदर्शन किया। रिपोर्ट के अनुसार छत्तीसगढ़ के ज्यादातर जिले प्रचेष्टा-1 (51-60%) श्रेणी में रहे, जिसमें रायगढ़ (344 अंक) टॉप पर रहा। लेकिन डिजिटल लर्निंग में पूरे राज्य का औसत प्रदर्शन निराशाजनक रहा।
निचले पायदान पर सुकमा (264), नारायणपुर (278) और दंतेवाड़ा (298 अंक) जैसे जिले प्रचेष्टा-2 में सिमट गए, जहां डिजिटल पहुंच और उपयोग दोनों ही चुनौती बने हुए हैं। नए गठित जिलों ने भी DL में कोई खास सुधार नहीं दिखाया।
पूर्व वर्षों की तुलना में 2022-23 और 2023-24 में भी राज्य का डिजिटल लर्निंग स्कोर कमजोर ही रहा था। 2023-24 में राज्य स्तर पर PGI में 39 अंकों की गिरावट आई थी। 2024-25 में नए जिलों के शामिल होने के बावजूद डिजिटल क्षेत्र में कोई बड़ा उछाल नहीं आया, जो दर्शाता है कि योजनाएं कागजों पर ज्यादा और जमीन पर कम लागू हो रही हैं।
छत्तीसगढ़ सरकार ने डिजिटल शिक्षा के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। जनवरी 2026 में विद्या समीक्षा केंद्र (VSK) को IIT भिलाई ने राष्ट्रीय बेंचमार्क घोषित किया। यह केंद्र UDISE, HRMIS, PGI, APAAR ID, आधार और GIS मैपिंग को एक प्लेटफॉर्म पर जोड़कर डेटा-आधारित निर्णय लेने में मदद कर रहा है।
इसके अलावा अक्टूबर-नवंबर 2025 में सरकार ने 13 हजार से अधिक माध्यमिक और हाई स्कूलों में स्मार्ट क्लास तथा कंप्यूटर लैब शुरू करने की घोषणा की। 9 हजार स्मार्ट क्लासरूम और 22 हजार कंप्यूटर लगाने की योजना बनाई गई। PM SHRI योजना के तहत 263 स्कूलों में स्मार्ट क्लास प्रोग्राम चल रहा है, जिसमें 211 स्कूलों में पहले से ही कार्यान्वयन हो चुका है।
दीक्षा पोर्टल, गूगल के साथ AI-आधारित वर्कशॉप और SECL के सहयोग से 206 स्कूलों में स्मार्ट क्लास शुरू किए गए। शासन प्रक्रिया श्रेणी में कोरिया और सरगुजा जैसे जिलों ने अच्छा स्कोर किया, जो डिजिटल गवर्नेंस के प्रयासों को दर्शाता है।
हालांकि इन व्यवस्थाओं के बावजूद PGI-D रिपोर्ट में डिजिटल लर्निंग का कम स्कोर कई सवाल खड़े करता है। UDISE+ डेटा के अनुसार राज्य के स्कूलों में कंप्यूटर सुविधा 67 प्रतिशत और इंटरनेट कनेक्टिविटी 61 प्रतिशत के आसपास है, लेकिन दूरदराज के नक्सल प्रभावित इलाकों में पहुंच, रखरखाव और शिक्षकों का डिजिटल ट्रेनिंग अभी भी बड़ी चुनौती बनी हुई है।
VSK जैसे उन्नत प्लेटफॉर्म डेटा एकीकरण में सफल हैं, लेकिन क्लासरूम स्तर पर छात्रों तक डिजिटल कंटेंट की असली पहुंच सीमित नजर आ रही है।PGI-D 2024-25 स्पष्ट संदेश देती है कि छत्तीसगढ़ को डिजिटल शिक्षा को लेकर अब ठोस क्रियान्वयन और निगरानी की जरूरत है। अगर स्मार्ट क्लास, AI टूल्स और VSK जैसी व्यवस्थाओं को हर जिले के अंतिम छोर तक पहुंचाया जाए तो अगले वर्ष रिपोर्ट में बेहतर परिणाम आ सकते हैं। फिलहाल डिजिटल लर्निंग राज्य की स्कूल शिक्षा की सबसे बड़ी कमजोरी बनी हुई है, जो NEP 2020 के लक्ष्यों को हासिल करने में बाधा बन रही है।
मार्च में हुआ टेंडर पर अब तक क्रियान्वयन नहीं
बीते वित्तीय सत्र में समग्र शिक्षा की ओर से दो टेंडर काल किए गए। इसमें से एक तो बीते 6 अप्रेल को ही लॉक हो चुका है। इस टेंडर के अनुसार अब सप्लाई हो पाना नामुमकिन है। क्योंकि तब की परिस्थितियां और मौजूदा परिस्थितियों में जमीन आसमान का अंतर आ चुका है। वैश्विक परिस्थितियों के चलते डिजिटल मार्केट बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इससे साफ है कि जिन कंपनियों ने टेंडर में हिस्सा लिया था वे अपना हाथ खींच सकती हैं। ऐसे में एक बार फिर डिजिटल शिक्षा को लेकर किए जा रहे प्रयास प्रभावित हो सकते हैं। ज्ञात हो कि पिछले सत्र में भी टेंडर फ़ेल हो चुका है।







