इम्पेक्ट न्यूज। रायपुर। 26 नवंबर को संविधान की प्रस्तावना का होगा सामूहिक वाचन, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति किया जाएगा जागरूक
स्वच्छता अभियान, पौधरोपण एवं जल संरक्षण गतिविधियों में रहेगी जनभागीदारी
रायपुर, 24 नवंबर 2026
भारतीय संविधान को अंगीकृत किए जाने की स्मृति में 26 नवंबर को जांजगीर-चांपा जिले के सभी अमृत सरोवर स्थलों पर संविधान दिवस मनाया जाएगा। आयोजन के माध्यम से नागरिकों को संवैधानिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के साथ जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।
जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं। इस संबंध में सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं कार्यक्रम अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में युवाओं, स्कूली एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों, विकसित भारतदृजी राम जी योजना के श्रमिकों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं तथा आजीविका दीदियों की सहभागिता रहेगी। इस दौरान संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया जाएगा। साथ ही मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के महत्व पर उद्बोधन होगा तथा जल संरक्षण एवं स्वच्छता की शपथ दिलाई जाएगी।
इस अवसर पर अमृत सरोवरों के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत खरपतवार हटाने, गाद निकासी एवं पौधरोपण सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा।
संविधान दिवस का यह आयोजन नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने का माध्यम बनेगा।






