Google Analytics Meta Pixel
Breaking NewsRaipur

बिलासपुर : डिप्टी सीएम साव का कांग्रेस पर हमला, बोले- देश के साथ अन्याय करने वाले निकाल रहे हैं न्याय यात्रा

बिलासपुर.

बिलासपुर में डिप्टी सीएम अरुण साव ने एक बार फिर भगवान राम और कानून व्यवस्था पर हो रही राजनीति व राहुल गांधी के न्याय यात्रा को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। डिप्टी सीएम साव ने कहा कि, चुनाव आता है तभी कांग्रेस को भगवान राम याद आते हैं। कांग्रेसियों को अपने केंद्रीय नेतृत्व से पूछना चाहिए उन्होंने अयोध्या के निमंत्रण को अस्वीकार क्यों किया।

इसके बाद भी भगवान राम को काल्पनिक कहने वाले लोग अगर भगवान राम की भक्ति में आते हैं तो अच्छी बात है। लेकिन भगवान राम को मानना है तो कांग्रेसी पूरी आस्था और श्रद्धा से माने, राजनीतिकरण और दिखावे से नहीं। आगे उन्होंने प्रदेश के कानून व्यवस्था पर कहा कि, अभी जो कुछ हो रहा है वह कांग्रेस के कुकर्मों के कारण है। कांग्रेस की सरकार ने प्रदेश को अपराध का गढ़ बनाया था। हमारी सरकार तेजी से इस दिशा में काम कर रही है। आने वाले समय में कानून व्यवस्था की स्थिति प्रदेश में मजबूत होगी, अच्छी होगी। आगे डिप्टी सीएम ने राहुल गांधी के न्याय यात्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि, 75 सालों से जो कांग्रेस पार्टी देश के साथ अन्याय कर रही है, वह आज न्याय यात्रा निकाल रही है। देश की जनता ने तय कर लिया है नरेंद्र मोदी जी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाना है और छत्तीसगढ़ की 11 की 11 सीटें नरेंद्र मोदी को देना है।