विष्णुदेव साय होंगे छत्तीसगढ़ के नए सीएम OP डिप्टी सीएम…!
इम्पेक्ट न्यूज। रायपुर।
छत्तीसगढ़ में सबसे बड़ा फैसला सामने आ गया है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के लिए आदिवासी चेहरा विष्णुदेव साय को भाजपा विधायक दल ने चुन लिया है। इसी बैठक में ओबीसी वर्ग से पूर्व ब्यूरोक्रेट ओम प्रकाश चौधरी संकेत दिए गए हैं। यह तय हो गया है कि अमित शाह ने छत्तीसगढ़ में अपने प्रचार अभियान के दौरान इन दो विधान सभा क्षेत्रों में यह घोषणा की थी कि आप इन्हें जीताकर भेजें हम इन्हें बड़ा आदमी बना देंगे।
छत्तीसगढ़ का अगला मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे। बीजेपी की विधायक दल की बैठक में यह फैसला लिया गया है। वहीं ओपी चौधरी को डिप्टी सीएम बनाए जाने के संकेत दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि बात दो डिप्टी सीएम के लिए हो रही है। बीजेपी प्रदेश कार्यालय में विधायक दल की बैठक हो रही है। बीजेपी की ओर से नियुक्त तीनों पर्यवेक्षकों समेत पार्टी के बड़े नेता बैठक में मौजूद हैंं। इससे पहले रमन सिंह और संगठन महामंत्री पवन साय के साथ पर्यवेक्षकों ने चर्चा की। दूसरी तरफ, ऑब्जर्वर अर्जुन मुंडा, दुष्यंत कुमार गौतम और सर्बानंद सोनोवाल विधायकों से चर्चा कर रहे हैं।
इस समय सबसे पहले राष्ट्रीय न्यूज चैनलों ने सबसे पहले विष्णुदेव साय के नाम पर सहमति की खबरें चला दीं। माना जा रहा है कि केंद्रीय संगठन द्वारा पुष्टि के बाद ही यह नाम सार्वजनिक किया गया।

बीजेपी की बैठक तीन चरणों में हो रही है। सबसे पहले तीनों पर्यवेक्षक अर्जुन मुंडा, सर्बानंद सोनोवाल और दुष्यंत कुमार गौतम की बैठक प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, नितिन नबीन और अजय जामवाल के साथ हुई। इसके बाद संगठन महामंत्री पवन साय और रमन सिंह के साथ तीनों पर्यवेक्षक ने बैठक कर उनकी राय जानी।
विष्णुदेव साय कुनकुरी से विधायक हैं और प्रदेश के बड़े आदिवासी नेता हैं। वे छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं। प्रचार के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा था कि, इन्हें जिताइए, मैं इनको बड़ा आदमी बना दूंगा। वहीं आज विधायक दल की बैठक से पहले रमन सिंह और संगठन महामंत्री पवन साय के साथ भी पर्यवेक्षकों ने चर्चा की थी।
छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी ने पहली बार किसी आदिवासी चेहरे को मुख्यमंत्री बनाकर बड़ा संदेश दे दिया है। विष्णुदेव साय ऐन चुनाव से पहले छत्तीसगढ़ में भाजपा संगठन में बड़ा फेरबदल किया गया। इसके बाद विष्णुदेव साय को हटाकर सांसद अरूण साव को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंप दी गई।
उल्लेखनीय है कि इस बार छत्तीसगढ़ के उत्तर छत्तीसगढ़ में सरगुजा इलाके से सभी 14 सीटों पर भाजपा को एकतरफा जीत हासिल हुई। वहीं दक्षिण छत्तीसगढ़ बस्तर संभाग में 12 में से आठ सीटों पर भाजपा को जीत हासिल होने के बाद आदिवासी नेतृत्व को लेकर एक प्रकार से दबाव तैयार हो गया था।
