Google Analytics Meta Pixel
Tuesday, March 10, 2026
news update
Big news

छत्तीसगढ़ को नए गढ़ बनाने केजरीवाल की तैयारी… MP-राजस्थान में पहले ही कर चुके ऐलान…

इम्पैक्ट डेस्क.

दिल्ली और पंजाब में सरकार चला रही आम आदमी पार्टी (आप) ने विस्तार की राह पर तेजी से कदम बढ़ा दिए हैं। राजस्थान और मध्य प्रदेश में चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुकी अरविंद केजरीवाल की पार्टी अब छत्तीसगढ़ में भी तैयारी में जुट गई है। खुद पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल अगले महीने अभियान की शुरुआत करने जा रहे हैं। केजरीवाल पंजाब के सीएम भगवंत मान के साथ 5 मार्च को रायपुर का दौरा करेंगे।

रायपुर में पार्टी ने कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया है। इसके जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने के साथ विधानसभा चुनाव को लेकर अपने प्लान का खुलासा कर सकती है। यह पहली बार होगा जब ‘आप’ छत्तीसगढ़ में चुनाव लड़ेगी। पार्टी का संगठन अभी सत्ताधारी कांग्रेस और भाजपा के मुकाबले बेहद कमजोर है, लेकिन इसे मजबूत करने की कोशिश की जा रही है। पिछले एक महीने में आप के प्रदेश प्रभारी संजीव झा राज्य के कई जिलों का दौरा कर चुके हैं। पार्टी ने 455 ब्लॉक अध्यक्षों की भी नियुक्ति भी की है। पार्टी ने लोकसभा प्रभारी और लोकसभा सचिवों के नामों की घोषणा भी की है। 

अभी यह साफ नहीं है कि आप कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी और क्या अकेले मैदान में उतरेगी? इस साल के अंत में छत्तीसगढ़ के अलावा राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी विधानसभा चुनाव होने जा रहा है और पार्टी वहां भी चुनाव लड़ने की तैयारी में है। छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस की सरकार है तो मध्य प्रदेश में भाजपा सत्ता मे हैं। पिछले साल के अंत में अरविंद केजरीवाल ने गुजरात में भी कड़ी मेहनत की और पार्टी वहां 5 सीटों पर कब्जा करने में कामयाब रही।