इम्पेक्ट न्यूज। रायपुर। मकरंदीपुर के किसान रविशंकर देवांगन अब गांव में ही बेच रहे समर्थन मूल्य पर धान
तुंहर हाथ ऐप से घर बैठे टोकन, समय और परिवहन की परेशानी हुई कम
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत 15 नवंबर से हो चुकी है। किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश में खरीदी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। साथ ही, किसानों को दूरस्थ केंद्रों तक जाने की परेशानी से बचाने के लिए नए उपार्जन केंद्र भी शुरू किए जा रहे हैं। सूरजपुर जिले के मकरंदीपुर में खुला नया केंद्र किसानों के लिए राहत का माध्यम बना है।
मकरंदीपुर (तिवरागुड़ी) के किसान श्री रविशंकर देवांगन, पिता श्री रामगोपाल देवांगन, पहले उमापुर खरीदी केंद्र में धान बेचते थे। वहां तक उपज ले जाने में उन्हें परिवहन संबंधी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब उनके गांव में ही नया धान उपार्जन केंद्र शुरू हो गया है। उनका घर केंद्र से लगभग 300 से 350 मीटर की दूरी पर है, जिससे वे आसानी से धान पहुंचाकर बेच पा रहे हैं।
श्री देवांगन बताते हैं कि केंद्र में दो-तीन गांवों के किसानों का ही धान खरीदा जाएगा। इससे भीड़ कम रहने और खरीदी प्रक्रिया व्यवस्थित होने की उम्मीद है। उन्होंने तुंहर हाथ मोबाइल ऐप के माध्यम से स्वयं टोकन काटा। केंद्र में तौल सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं भी उपलब्ध हैं, जिससे धान बेचने में उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हो रही है।
गांव के पास ही खरीदी केंद्र खुलने से श्री देवांगन का समय और परिवहन खर्च दोनों बच रहे हैं। उन्होंने इस सुविधा के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया। सूरजपुर जिले में कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के मार्गदर्शन में धान खरीदी को सुगम और व्यवस्थित बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। मकरंदीपुर के किसान का अनुभव दर्शाता है कि स्थानीय स्तर पर खरीदी केंद्रों की सुविधा किसानों के लिए धान विक्रय की प्रक्रिया को सरल बना रही है।




