वन मंत्री ने पेश किया दो वर्षों का विभागीय रिपोर्ट कार्ड, प्रदेश में सात करोड़ से अधिक पौधरोपण का दावा
परिवहन सेवाओं में पारदर्शिता, सहकारी संस्थाओं के विस्तार और वनोपज संग्राहकों की आय बढ़ाने पर जोर
रायपुर। वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता तथा संसदीय कार्य मंत्री श्री केदार कश्यप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपने विभागों की दो वर्षों की प्रमुख उपलब्धियां सामने रखीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण, जनसुविधाओं के विस्तार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में योजनाबद्ध ढंग से काम कर रही है।
मंत्री श्री कश्यप ने बताया कि प्रदेश में हरित आवरण बढ़ाने के लिए व्यापक स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाया गया है। विभिन्न अभियानों के माध्यम से राज्यभर में सात करोड़ से अधिक पौधे लगाए गए। पौधरोपण के साथ उनकी सुरक्षा, देखरेख और जीवित रहने की दर बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वन एवं वन्यजीव संरक्षण के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाया गया है। मानव-हाथी द्वंद्व से प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी, सूचना तंत्र और त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। वन क्षेत्रों में इको-टूरिज्म की संभावनाओं को विकसित करते हुए स्थानीय युवाओं और वनवासियों के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने पर भी काम चल रहा है।
वनरक्षक भर्ती से युवाओं को अवसर
श्री कश्यप ने बताया कि वन विभाग में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। वनरक्षक के 1,484 पदों पर भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत 16 हजार से अधिक अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि इससे विभागीय अमले को मजबूती मिलने के साथ प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
परिवहन सेवाओं में तकनीक और पारदर्शिता
परिवहन विभाग की उपलब्धियां गिनाते हुए मंत्री ने कहा कि नागरिकों को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए अधिकांश प्रक्रियाओं को ऑनलाइन किया जा रहा है। ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीयन, परमिट, फिटनेस और कर भुगतान जैसी सेवाओं में तकनीक के इस्तेमाल से लोगों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली है।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने तथा वाहन संबंधी सेवाओं में पारदर्शिता लाने के लिए लगातार सुधार किए जा रहे हैं। विभाग का लक्ष्य आम नागरिकों को अधिकतम सेवाएं डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराना है।
सहकारिता से मजबूत हो रही ग्रामीण अर्थव्यवस्था
सहकारिता विभाग का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करते हुए श्री कश्यप ने कहा कि किसानों, पशुपालकों, मछुआरों, वनोपज संग्राहकों और स्व-सहायता समूहों को सहकारिता से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने की दिशा में काम किया जा रहा है। प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों को बहुउद्देशीय बनाने और उनकी सदस्यता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया है।
धान खरीदी व्यवस्था को मजबूत करने के साथ सहकारी समितियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों का विस्तार किया जा रहा है। मत्स्यपालन, दुग्ध उत्पादन, वन उपज प्रसंस्करण और अन्य आजीविका गतिविधियों को सहकारिता से जोड़ने की योजना पर भी काम जारी है।
अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना लक्ष्य
मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। वन संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने, परिवहन सेवाओं को सुगम बनाने और सहकारिता के माध्यम से किसानों तथा ग्रामीणों को आर्थिक रूप से सशक्त करने की दिशा में आने वाले समय में और तेजी से काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि साय सरकार ने बीते दो वर्षों में नीतियों को केवल कागजों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारकर जनता को प्रत्यक्ष लाभ पहुंचाने का प्रयास किया है। विभागीय योजनाओं की नियमित समीक्षा के साथ कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा रही है।






