State News

नारायणपुर उपद्रव में 6 और गिरफ्तार : रमन सिंह ने कहा- दाऊ के इशारे पर आदिवासियों पर बरसाई जा रही लाठियां…

इम्पैक्ट डेस्क.

नारायणपुर में धर्मांतरण को लेकर हुए बवाल के बाद प्रदेश की सियासत गरम है। एक बार फिर आदिवासी मुद्दे पर जुबानी तीर चल रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने इसको लेकर सीएम भूपेश बघेल पर निशाना साधा है। कहा है कि, दाऊ (भूपेश बघेल) के इशारे पर आदिवासियों पर लाठी बरसाई गई और उन्हें जेल में डाला जा रहा है। वहीं दूसरी ओर पुलिस ने उपद्रव मामले में छह और गिरफ्तारियों की हैं।

‘ईसाई मिशनरियों की गोद में बैठकर धर्मांतरण को बढ़ावा दे रहे भूपेश’
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने अपने ट्वीटर हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट किया है। इसमें वह मीडिया को बयान दे रहे हैं। इसके साथ ही लिखा है कि, ‘दाऊ के इशारे पर आदिवासियों पर लाठी बरसाई जा रही हैं, उन्हें जेल में डाला जा रहा है। ईसाई मिशनरियों की गोद में बैठकर भूपेश बघेल धर्मांतरण को बढ़ावा देते हुए आदिवासियों की संस्कृति मिटाने और छत्तीसगढ़ के अस्तित्व को खत्म करने में लगा हुआ है।’

चर्च में तोड़फोड़, एसपी और जवानों पर हमले में गिरफ्तारी
पुलिस ने नारायणपुर में चर्च में तोड़फोड़, एसपी और जवानों पर हमले मामले में फिर गिरफ्तारी की है। अभी तक उपद्रव मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष सहित 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है। पकड़े गए आरोपियों में निरंजन करंगा, रमेश पोटाई, सुकमन नेताम, लहरू राम नेताम, मंगउ राम कावड़े और राजु राम दुग्गा शामिल हैं। 

error: Content is protected !!