viral news

युद्ध के बीच थोड़ी सी इंसानियत : इजरायली बच्चों के साथ खेलते दिखे हमास के लड़ाके… झूला भी झुलाया, वीडियो देख लोग हैरान…

इंपेक्ट डेस्क.

इजरायल से जारी युद्ध के बीच हमास ने एक ऐसा वीडियो जारी किया है जिसे देखकर बहुत से लोग हैरान हैं। वीडियो में आतंकवादी समूह के कुछ हथियारबंद लोग इजरायली बच्चों को गोद में लेकर खिलाते नजर आ रहे हैं। एक छोटे से बच्चे को बंधूकधारी व्यक्ति की ओर से झूला झुलाते हुए भी देखा जा सकता है। माना जा रहा है कि इन बच्चों को इन्होंने जंग के बीच ही किडनैप किया है। वीडियो को देखने के बाद जानकारों का कहना है कि यह हमास का अपनी सकारात्मक छवि पेश करने का प्रयास है। हमास के लड़ाके यह दिखाना चाहते हैं कि बंदियों के साथ उनकी ओर से कैसा व्यवहार किया जा रहा है।

वीडियो में मिलिट्री यूनिफार्म और बनियान पहने भी कुछ लोग नजर आ रहे हैं जिनके चेहरे ब्लर किए गए हैं। ये लोग जहां पर हैं वो एक सामान्य सा घर मालूम पड़ता है। वे लोग बंधक बनाए गए बच्चों को गले से लगाकर सहला रहे हैं। इन बच्चों की उम्र 5 साल से ज्यादा नहीं मालूम पड़ती है। इनमें से एक आदमी के अपने एक हाथ में बच्चा और दूसरे में बंदूक लिए हुए दिख रहा है। एक बंदूकधारी हरे रंग का हेडबैंड पहने हुए है जो अपनी दोनों बांहों में एक-एक बच्चा लिए हुए है। यहां पर बच्चे के रोने की आवाज भी सुनी जा सकती है। कैमरे पर ये लोग अरबी में बात कर रहे हैं। एक बंदूकधारी बच्चे से भी बातचीत करता दिख रहा है। 

युद्ध में बच्चों का अपहरण सबसे गंभीर मामला
गौरतलब है कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने युद्ध में बच्चों के अपहरण को सबसे गंभीर मामला बताया है। यह युद्ध अपराध में गिना जाता है। संयुक्त राष्ट्र ने इसे अपने 6 गंभीर उल्लंघनों में से एक के रूप में शामिल किया है। विश्व पटल पर ऐसे कृत्यों की निंदा की जाती है। साथ ही अस्पतालों या स्कूलों पर हमला और बाल सैनिकों की भर्ती जैसे कदम भी युद्ध अपराध के दायरे में आते हैं। हमास का यह वीडियो ऐसे समय सामने आया है जब इजरायल की सेना ने गाजा सिटी में रहने वाले करीब 10 लाख लोगों को वहां से चले जाने का निर्देश दिया है। इस आदेश के बाद क्षेत्र में इजरायल की ओर से जमीनी कार्रवाई किए जाने की आशंका तेज हो गई है।

संयुक्त राष्ट्र ने आगाह किया कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों का जान बचा कर भागना घातक साबित हो सकता है। हमास ने इजराइली सेना के इस निर्देश को खारिज कर दिया और लोगों से अपने घरों में रहने को कहा। इस बीच, हमास के अधिकारियों ने बताया कि गाजा शहर को छोड़कर जा रहे लोगों के काफिलों पर इजरायल ने हवाई हमले किए हैं। इनमें 70 लोग मारे गए जिनमें अधिकतर महिलाएं और बच्चे हैं। हमास के मीडिया कार्यालय ने बताया कि गाजा शहर से दक्षिण की ओर जाते समय 3 स्थानों पर कारों पर हमला किया गया। यह तुरंत स्पष्ट नहीं था कि हवाई हमलों का लक्ष्य कौन था और यात्रियों में आतंकवादी थे या नहीं। 

error: Content is protected !!