इम्पेक्ट न्यूज। सुकमा। संगठन प्रबंधन, वित्तीय अनुशासन और आजीविका संवर्धन का दिया जा रहा प्रशिक्षण, ग्रामीण महिलाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर जोर
सुकमा, 27 नवम्बर 2026
/जिले के सुदूर वनांचल में ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के तहत निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में कलेक्टर अमित कुमार और जिला सीईओ मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में विकासखंड कोंटा के ग्राम ढोंडरा स्थित खुशी महिला संकुल स्तरीय संगठन (सीएलएफ) के सक्षम केंद्र में महिला स्व-सहायता समूहों से जुड़ी दीदियों के लिए क्षमतावर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को संगठित कर उन्हें आजीविका के बेहतर अवसरों से जोड़ना और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है। प्रशिक्षण के दौरान संकुल संगठन से जुड़ी दीदियों को संगठन की कार्यप्रणाली, संस्थागत सुदृढ़ीकरण, आजीविका संवर्धन, वित्तीय प्रबंधन तथा सामुदायिक स्तर पर प्रभावी नेतृत्व क्षमता विकसित करने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जा रही हैं।
प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं को संगठन के बेहतर संचालन, वित्तीय गतिविधियों की समझ और सामूहिक निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे समूह एवं संकुल स्तर पर गतिविधियों को मजबूती मिलने के साथ ग्रामीण महिलाओं की भागीदारी भी बढ़ रही है। कोंटा के दूरस्थ क्षेत्र में संचालित सक्षम केंद्र महिलाओं के प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और क्षमता विकास के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बन रहा है।
प्रशिक्षण में शामिल दीदियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए प्राप्त जानकारियों को अपने गांवों और समूहों तक पहुंचाने तथा व्यवहार में लागू करने का संकल्प लिया। बिहान के माध्यम से संचालित ऐसे प्रयास ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ गांवों में सामुदायिक नेतृत्व और आत्मनिर्भरता की नई संभावनाएं तैयार कर रहे हैं।






