आंध प्रदेश के काकीनाडा की पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 18 की मौत; 6 लोग गंभीर रूप से घायल

Getting your Trinity Audio player ready...

इम्पेक्ट न्यूज। डेस्क।

आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले के समालकोट मंडल के वेतलापलेम में एक पटाखा बनाने वाली फैक्ट्री में बड़ा धमाका हुआ, जिसमें 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। फैक्ट्री में 20 से ज्यादा लोग मौजूद थे।

यह धमाका तब हुआ जब मजदूर बड़े पैमाने पर पटाखे बना रहे थे और बहुत बड़ी आग लग गई। कई लोग अंदर फंस गए। उस समय साइट पर 20 से ज्यादा मजदूर मौजूद थे।

धमाके बाद लगी आग में कई लोग बुरी तरह से जले
विस्फोट की सूचना मिलते ही फायर डिपार्टमेंट टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कोशिश करने लगी। इसमें स्थानीय लोगों ने भी साथ दिया। घायलों को एम्बुलेंस से हॉस्पिटल ले जाया गया। इसमें बुरी तरह जलने वाले कई लोगों की हालत गंभीर है। धमाके की वजह से शवों के चीथड़े उड़ गए और आस-पास की इमारतों को भी नुकसान पहुंचा।

स्थानीय लोगों ने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे ब्लास्ट हुआ। धमाके इतना भीषण था कि इसकी आवाज 5 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। इसके बाद ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और हादसे में घायल लोगों को अस्पताल भेजना शुरू किया।

पुलिस अधिकारी ने बताया- धमाका इतना तेज था कि लाशें पास के धान के खेतों में जाकर गिरीं। हरे-भरे धान के खेतों के बीच डरावना मंजर देखने को मिला, जब स्थानीय लोग बाराकालू, यानी खाद की बोरियों से बनी चादरों में लाशें ले जाते दिखे।

पुलिस ने पास के खेतों में बिखरे शरीर के हिस्सों का पता लगाने के लिए ड्रोन तैनात किए हैं। काकीनाडा गवर्नमेंट हॉस्पिटल के सुपरिटेंडेंट ने कहा कि हॉस्पिटल में आए घायल 90 से 100 परसेंट तक जले हुए हैं। उनका इलाज जारी है।

CM नायडू ने दुख जताया

मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने संबंधित मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर हालात की निगरानी करने को कहा है। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है।

राज्य की गृह मंत्री वंगालपुडी अनीता ने आशंका जताई कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

You May Also Like

error: Content is protected !!