Google Analytics Meta Pixel
Tuesday, March 10, 2026
news update
Politics

कांग्रेस ने वायनाड लोकसभा सीट से प्रियंका गांधी को चुनाव लड़ाने का फैसला लिया है, पति रॉबर्ट वाड्रा ने बधाई दी

नई दिल्ली
कांग्रेस ने वायनाड लोकसभा सीट से प्रियंका गांधी को चुनाव लड़ाने का फैसला लिया है। इस पर उनके पति रॉबर्ट वाड्रा ने बधाई दी है तो खुद के भी संसद पहुंचने की इच्छा एक बार फिर जाहिर कर दी। उन्होंने कहा, 'प्रियंका गांधी मुझसे पहले संसद में होंगी। जब भी सही समय होगा, मैं भी उनके रास्ते पर आगे बढ़ सकता हूं। मैं खुश हूं और मुझे भरोसा है कि वायनाड की जनता उन्हें जीत दिलाएगी।' लोकसभा चुनाव से पहले भी कई बार रॉबर्ट वाड्रा ने चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी। उन्होंने यूपी की मुरादाबाद और अमेठी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की पेशकश तक की थी। लेकिन कांग्रेस ने उनके नाम पर विचार नहीं किया।

सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा ने कहा, 'मैं सबसे पहले देश की जनता को धन्यवाद देता हूं, जिसने भाजपा को सबक सिखाया है। इन लोगों ने धर्म आधारित राजनीति की। मुझे खुशी है कि प्रियंका गांधी वायनाड से लड़ने जा रही हैं। वह संसद में होंगी। उन्हें संसद में होना चाहिए। इसलिए नहीं कि उन्होंने कैंपेन किया है बल्कि मैं भी ऐसा देखना चाहता हूं।' प्रियंका गांधी दशकों से कांग्रेस के लिए प्रचार करती रही हैं, लेकिन 2019 के आम चुनाव में वह सक्रिय राजनीति में आई थीं। उन्हें यूपी के एक हिस्से की जिम्मेदारी मिली थी। इस बार वह अमेठी और रायबरेली पर फोकस कर रही थीं।

वाड्रा ने कहा,  'प्रियंका गांधी को मुझसे पहले संसद में होना चाहिए। मैं भी सही समय पर उनके रास्ते पर बढ़ूंगा। मुझे खुशी है और उम्मीद है कि लोग उन्हें जिताएंगे।' वहीं अमेठी को लेकर अपनी दावेदारी पर रॉबर्ट वाड्रा ने कहा, 'मेरे अमेठी से चुनाव लड़ने की मांग देश भर के अलग-अलग हिस्सों से आ रही थी। लोग मेरे काम को समझते हैं और चाहते हैं कि इन्हें मौका मिले तो विकास में तेजी आए।' हालांकि कांग्रेस ने उनकी जगह पर वफादार माने जाने वाले किशोरी लाल शर्मा को उतारा, जिन्होंने केंद्रीय मंत्री रहीं स्मृति इरानी को हरा दिया। वाड्रा को अमेठी से टिकट न मिलने पर भाजपा ने तंज कसते हुए कहा था कि उन्हें किनारे लगाया जा रहा है।