Google Analytics Meta Pixel
Tuesday, March 10, 2026
news update
Big news

मध्य प्रदेश में वोटिंग के बीच हिंसा : इंदौर के बाद दिमनी में बवाल, जमकर पथराव…

इम्पैक्ट डेस्क.


मध्य प्रदेश में वोटिंग के बीच कई सीटों पर माहौल बिगाड़ने की साजिश की जा रही है। इंदौर में रात को हुए बवाल के बाद मुरैना में भी हिंसा हो गई है। मुरैना के दिमनी विधानसभा क्षेत्र में एक बूथ के पास दो गुटों में पथराव हुआ। गोलीबारी की भी सूचना है। हालांकि, पुलिस ने फायरिंग की पुष्टि नहीं की है। हिंसा के दौरान एक व्यक्ति घायल हुआ है।

मध्य प्रदेश में कड़ी सुरक्षा के बीच सभी 200 सीटों पर मतदान चल रहा है। दिमनी विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र 148 पर पर सुबह दो पक्षों में टकराव हो गया। मुंह पर कपड़ा लपेटे कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। दोनों तरफ से फायरिंग की भी बात कही जा रही है। हिंसा के बाद वहां भगदड़ जैसे हालात बन गए। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत ऐक्शन लेते हुए उपद्रवियों को खदेड़ दिया। बूथ पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। 
पथराव में एक मतदाता के घायल होने की जानकारी है। घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। सुरक्षाबलों ने जल्द ही हालात को काबू में किया और सुरक्षा के बीच वोटिंग प्रक्रिया चल रही है। मतदाताओं की सुरक्षा के लिए अत्यधिक पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। दिमनी विधानसभा क्षेत्र पर सबकी नजरें टिकी हैं। इसी सीट से केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर भी चुनाव लड़ रहे हैं।

डीएसपी विजय सिंह भदौरिया ने कहा कि यह संवेदनशील बूथ है। यहां बीएसएफ भी तैनात है। आज सुबह यहां दो पक्षों में विवाद और पथराव की सूचना मिली थी। तत्काल पुलिस ने पहुंचकर उपद्रवियों को खदेड़ा अब शांतिपूर्व मतदान चल रहा है। डीएसपी ने कहा कि कुछ गांव वालों का कहना है कि गोलीबारी हुई है, लेकिन अभी इसकी पु्ष्टि नहीं हुई है।

इंदौर में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भिड़ंत

इससे पहले इंदौर के राऊ विधानसभा क्षेत्र में देर रात भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच टकराव हो गया। भंवरकुआं थाने के बाहर जुटकर हंगामा कर रहे लोगों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। भाजपा उम्मीदवार मधु वर्मा का आरोप है कि कांग्रेस के कार्यकर्ता राऊ विधानसभा क्षेत्र में चुनावी काम कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को धमका रहे थे जिससे विवाद हुआ। उधर, शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्ढा ने आरोप लगाया कि राऊ विधानसभा क्षेत्र में मतदान से पहले भाजपा कार्यकर्ता लोगों को शराब, कम्बल और पाजेब बांट रहे थे। उन्होंने दावा किया कि ये चीजें बांटे का विरोध करने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक कांग्रेस नेता पर हमला कर उसे घायल कर दिया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विवाद के मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है।