Google Analytics Meta Pixel
Tuesday, March 10, 2026
news update
Politics

भाजपा के 8 बागियों को नोटिस… बिना शर्त माफी मांगने को कहा… ये है मामला…

इंपेक्ट डेस्क.

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की अनुशासन समिति ने कश्मीर में पार्टी के आठ बागियों को नोटिस जारी किया। यह नोटिस पार्टी में अनुशासन बनाए रखने के लिए नुकसानदेह गतिविधियों में शामिल होने और पार्टी नेतृत्व में अविश्वास की भावना पैदा करने के लिए जारी किया गया। इस संबंध में पार्टी मुख्यालय से जीएम मीर, डॉ. अली मोहम्मद मीर, अल्ताफ ठाकुर, आसिफ मसूदी, आरिफ राजा, अनवर खान, मंजूर भट और बिलाल पर्रे को नोटिस जारी किए गए हैं।

जा सकती है प्राथमिक सदस्यता
नोटिस में कहा गया है कि जम्मू-कश्मीर भाजपा के उपाध्यक्ष सोफी यूसुफ के खिलाफ जांच में अनुशासन समिति को पता चला कि आप में से प्रत्येक के खिलाफ पार्टी में अनुशासन बनाए रखने के लिए हानिकारक गतिविधियों में शामिल होने के गंभीर आरोप और अनुशासनहीनता के सबूत हैं। नोटिस में आगे कहा गया है कि आपकी गतिविधियों से पार्टी नेतृत्व में अविश्वास की भावना पैदा हुई है। पार्टी में आपकी स्थिति और आपके पिछले योगदान को ध्यान में रखते हुए अनुशासनात्मक समिति ने आपको अपने आचरण के लिए बिना शर्त माफी मांगने और भविष्य में नहीं दोहराने का एक मौका देने का फैसला किया है। अगर आप ऐसा नहीं कर पाते हैं तो अनुशासनात्मक समिति आपके खिलाफ नियमित कार्यवाही शुरू करेगी। अनुशासनहीनता के आरोप साबित होने पर आपको आधिकारिक पदों और यहां तक कि भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से भी हटाया जा सकता है।

बिना शर्त माफी मांगें
आयोग ने इन बागियों से बिना शर्त माफी मांगने और यह हलफनामा देने को कहा है कि भविष्य में इसे दोहराया नहीं जाएगा। इसे आज से एक सप्ताह के भीतर पार्टी अध्यक्ष को भेजा जा सकता है। इसमें कहा गया है कि नोटिस वॉट्सऐप जरिए दिया जा रहा है। अलग से कोई नोटिस नहीं भेजी जाएगी। भाजपा की अनुशासन समिति में सुनील सेठी अध्यक्ष के रूप में हैं, जबकि असीम गुप्ता और रेखा महाजन समिति के सदस्य हैं।