Google Analytics Meta Pixel
Politics

मोदी सरकार के इस फैसले का राहुल गांधी ने किया समर्थन… बोले- मुझे लगता है कि विपक्ष…

इम्पैक्ट डेस्क.

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी इन दिनों यूरोप दौरे पर हैं। बेल्जियम में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए राहुल ने मोदी सरकार के एक फैसले का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि रूस और यूक्रेन युद्ध पर सरकार के रुख के फैसले से विपक्ष सहमत है। मालूम हो कि ऐसा बहुत कम देखा गया है, जब राहुल गांधी समेत विपक्ष के नेता मोदी सरकार के किसी फैसले पर सहमत हों या उसका समर्थन करें। 

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, ”मुझे लगता है कि विपक्ष, कुल मिलाकर, संघर्ष (रूस और यूक्रेन के बीच) पर भारत की वर्तमान स्थिति से सहमत होगा। रूस के साथ हमारे संबंध हैं। मुझे नहीं लगता कि विपक्ष का सरकार वर्तमान में जो कर रही है, उससे कोई अलग रुख होगा।” 

दिल्ली में जी20 शिखर सम्मेलन में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे को आमंत्रित नहीं किए जाने के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, “उन्होंने विपक्ष के नेता को आमंत्रित नहीं करने का फैसला किया है। यह आपको कुछ बताता है। यह बताता है कि वे भारत की 60% आबादी के नेता को महत्व नहीं देते हैं। यह कुछ ऐसा है जिसके बारे में लोगों को सोचना चाहिए – वे ऐसा करने की आवश्यकता क्यों महसूस कर रहे हैं और इसके पीछे किस प्रकार की सोच है।”

इससे पहले, जून महीने में भी रूस-यूक्रेन युद्ध पर राहुल गांधी ने अमेरिका के दौरे के दौरान केंद्र सरकार के रुख का समर्थन किया था। उन्होंने वॉशिंगटन में नेशनल प्रेस क्लब में पत्रकारों के साथ बातचीत के दौरान कहा था कि वह भी इस मुद्दे पर भी इसी तरह प्रतिक्रिया देंते। उन्होंने कहा था, “मैं (रूस को) वैसे ही जवाब दूंगा जैसे भाजपा ने दिया था। हम (कांग्रेस) भी उसी तरह (रूस-यूक्रेन संघर्ष पर) जवाब देंगे। क्योंकि भारत का रूस के साथ अच्छा रिश्ता है। हमारी नीति भी ऐसी ही होगी।” बता दें कि फरवरी 2022 में यूक्रेन पर रूस ने आक्रमण शुरू कर दिया था। शुरुआती समय में लगा था कि रूस कुछ ही समय में यह युद्ध जीत जाएगा, लेकिन यूक्रेन ने अब तक डटकर मुकाबला किया। हालांकि, रूसी मिसाइलों के चलते यूक्रेन में जान-माल का काफी नुकसान हुआ है।