इम्पेक्ट न्यूज। जगदलपुर। नवा रायपुर में 2 व 3 दिसंबर को राज्य-स्तरीय कार्यशाला जगदलपुर, 26 नवम्बर 2026/
घने वनों, समृद्ध आदिवासी संस्कृति और सामुदायिक संसाधनों की पहचान रखने वाले बस्तर जिले सहित प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों में वन अधिकार अधिनियम 2006 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बड़ी पहल की जा रही है। छत्तीसगढ़ शासन के आदिम जाति विकास विभाग द्वारा 2 दिसंबर और 3 दिसंबर को आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान सेक्टर-24, नवा रायपुर अटल नगर में दो दिवसीय राज्य-स्तरीय संयुक्त प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की जा रही है।
इस दो दिवसीय प्रशिक्षण में नीतिगत समझ के साथ-साथ जमीनी क्रियान्वयन और व्यावहारिक प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया गया है। कार्यशाला के पहले दिन 2 दिसंबर को सामुदायिक वन संसाधन अधिकार, व्यक्तिगत वन अधिकार, सामुदायिक वन अधिकार तथा सामुदायिक वन अधिकार प्रबंधन योजना की अवधारणा और निर्माण पर सत्र होंगे।
इसके साथ ही वन विभाग द्वारा वनाधिकार क्रियान्वयन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों, सामुदायिक वन अधिकार प्रबंधन योजना को वर्किंग प्लान, मैनेजमेंट प्लान व माइक्रो प्लान में एकीकृत करने तथा विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के लिए हैबिटेट अधिकारों के महत्व और उनकी क्रियान्वयन प्रक्रिया पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
दूसरे दिन 3 दिसंबर सामुदायिक वन अधिकार प्रबंधन योजना का वन विभाग की योजनाओं में एकीकरण और मॉडल सामुदायिक वन अधिकार प्रबंधन योजना पर व्यावहारिक (हैंड्स-ऑन) प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके पश्चात दिन-एक में चर्चा की गई अवधारणाओं के जमीनी क्रियान्वयन पर आदिम जाति विकास विभाग के सचिव व आयुक्त तथा जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ संवाद होगा और समापन सत्र आयोजित किया जाएगा।
इस आयोजन में संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम, फाउंडेशन फॉर इकोलॉजिकल सिक्योरिटी, अशोका ट्रस्ट फॉर रिसर्च इन इकोलॉजी एंड द एनवायरनमेंट और तीर फाउंडेशन सहित अन्य ज्ञान साझेदार संस्थाओं के प्रतिनिधि भी जुड़ेंगे, जिससे बस्तर जैसे वन-बहुल जिलों में अधिकारों की पहचान और प्रबंधन को जमीनी स्तर पर नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।






