इम्पेक्ट न्यूज डेस्क। नई दिल्ली। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने औपचारिक स्वागत किया। बालेन्द्र शाह राष्ट्रपति भवन पहुंचे, जहां पीएम मोदी ने उनसे हाथ मिलाकर नेपाल के प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।
राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत के बाद हैदराबाद हाउस में दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई। पीएम मोदी और बालेन्द्र शाह के बीच यह मुलाकात करीब 100 मिनट तक चली।
भारत-नेपाल के बीच द्विपक्षीय वार्ता के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने जानकारी देते हुए बताया, ‘नेपाल में आई बाढ़ में जिन लोगों ने अपनी जान गंवाई है, उनके प्रति हम गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास को नई मजबूती देने के लिए हम 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा करते हैं।’
पीएम मोदी ने भारत-नेपाल के बीच संबंधों पर कहा, ‘भारत और नेपाल केवल पड़ोसी ही नहीं हैं, हम विश्वास और मित्रता के गहरे बंधनों से जुड़े हुए हैं। हमारी आकांक्षाएं और चुनौतियां एक जैसी हैं और हम कठिन समय में एक-दूसरे के साथ खड़े रहते हैं।’
पीएम मोदी ने बताया, ‘हम नेपाल में स्टार्ट-अप इनक्यूबेटर, इनोवेशन हब और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) का एक ऑफशोर कैंपस स्थापित करेंगे।’
प्रधानमंत्री ने आगे कहा, ‘हम नेपाली छात्रों के लिए भारत में कानून और प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में छात्रवृत्ति के अवसर बढ़ाएंगे। इसके अलावा, खाद्य प्रसंस्करण और मूल्य-संवर्धन को बढ़ावा देने के लिए, हम नेपाल में एग्रो-इंडस्ट्रियल पार्क (कृषि-औद्योगिक पार्क) विकसित करने में भी सहयोग करेंगे।’
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह को राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया।
प्रधानमंत्री मोदी और नेपाल पीएम बालेन्द्र शाह के बीच हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता जारी है। भारत-नेपाल की इस बातचीत में कनेक्टिविटी-व्यापार और ऊर्जा एजेंडे पर चर्चा होने की उम्मीद है।


