Nazriya

‘स्मृति’ ने छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन को जीत का सूत्र दे दिया…

सुरेश महापात्र।

आज भारतीय जनता पार्टी और छत्तीसगढ़ सरकार की अग्नि परीक्षा थी कि धर्मजयगढ़ में आयोजित ‘जनजातीय गौरव दिवस’ पर परफारमेंस किस तरह का होता है। इसकी पूरी कमान मौजूदा छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन प्रभारी स्मृति ईरानी और सह प्रभारी कर्मवीर सिंह ने संभाली थी। जब से स्मृति ने प्रदेश में अपनी कमान संभाली है तब से ही हवा बाजी कर रहे भाजपा के नेताओं को जमीन पर उतारने का काम कर रही हैं। आज भले ही राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की जहाज जमीन पर उतर नहीं सकी फिर भी सभा की सफलता ने कई महीन कोशिशों को बाहर दिखा दिया है।

इसके तीन बड़े पहलू हैं पहला यह कि छत्तीसगढ़ का उत्तर सरगुजा और दक्षिण बस्तर आदिवासी जनजाती बहुल क्षेत्र है। धर्मजयगढ़ जहां सभा की गई वह इन दोनों के मध्य में स्थित है। यानी जहां ताकत पहले से मौजूद है वहां की अपेक्षा जहां ताकत दिखानी थी वहां यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।

ऐसा पहली बार हुआ जब मुख्य कार्यक्रम में मंच पर मुख्यमंत्री और तमाम नेताओं के साथ बैठने की जगह बस एक बार मंच पर आईं और भीड़ का अभिवादन कर नेपथ्य में लौट गईं। दूर से हर गतिविधि पर निगाह रखते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया। मंच पर ना बैठकर प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने साफ संकेत दे दिया कि भाजपा संगठन का काम आम लोगों तक संदेश पहुंचाने के लिए वाहक के तौर पर कार्य करना है, ना कि मंच पर जगह पाने की जद्दोजहद में पूरी ताकत लगाने के प्रयास को खत्म करना है।

आज के कार्यक्रम में करीब 80 हजार लोगों की भीड़ की मौजूदगी थी। इसके पीछे एक बड़ी रणनीति कामयाब हुई कि भाजपा के बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं ने एक—एक घर पहुंचकर पीला चावल देकर आमंत्रित किया। इस सभा की सफलता को इस नजरिए से भी देखा जाना चाहिए कि स्मृति ईरानी के प्रभार संभालने के बाद प्रदेश में भाजपा का पूरा चरित्र बदला—बदला दिखाई दे रहा है। कुशाभाउ ठाकरे परिसर में बिना वहज भीड़ लगाने वाले नेताओं की संख्या में भारी कमी आई है। मंत्रियों की जिम्मेदारी इस तरह बदल गई है कि वे अब उन कमियों पर सीधे काम कर रहे हैं जिसे ईरानी के सामने मुद्दा बनाया गया था।

प्रदेश भाजपा संगठन मंत्री, भाजपा संगठन प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारी एक साथ बदले गए थे। इससे साफ संकेत था कि साफ सुथरे सरल चरित्र के जनजातीय वर्ग के मुख्यमंत्री को आम जनता की ताकत के तौर पर प्रदर्शित करना और इस तरह से तैयार करना कि जिस भी तरह के नरैटिव आने वाले दिनों में प्रमुख विपक्ष कांग्रेस हमले के लिए तैयार करे उसे तैयार होने से पहले से समाप्त कर देना।

आज करीब 20 विधानसभा क्षेत्र और सात जिलों के जनजातीय समुदाय के लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज की। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के लिए इससे बड़ी कोशिश क्या ही की जाती कि वे भले ही मंच पर नहीं पहुंच पाए पर उनका संदेश तो साफ तौर पर पहुंचा ही और प्रधानमंत्री ने भी इस सभा में मौजूद भीड़ को संबोधित कर दिया।

हाल ही में धान की राजनीति में एक बड़ी कामयाबी दर्ज करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जिस तरह से हर किसान को 21 क्विंटल के हिसाब से बोनस देने की व्यवस्था कर दी धान खरीदी शुरू होने से पहले कभी इस तरह का ऐलान किसी मुख्यमंत्री ने नहीं किया था। आज तो और भी स्पष्ट कर दिया कि यह व्यवस्था निरंतर लागू रहेगी। यानी इस बार भाजपा सत्ता, संगठन और कार्यकर्ताओं की मजबूत टीम के साथ चुनावी मोड पर खड़े होने को तैयार है। इसका पूरा श्रेय नेपथ्य में रहकर कठिन अनुशासन के मार्ग से सफलता का मूल मंत्र देने वाली स्मृति ईरानी को जाता है।