दंतेवाड़ा में ‘लईका चिन्हारी’ ऐप का जिला स्तरीय प्रशिक्षण संपन्न, स्कूल छोड़ चुके बच्चों की होगी डिजिटल पहचान
दंतेवाड़ा, 12 नवंबर 2026। जिले में शिक्षा की मुख्यधारा से वंचित बच्चों को पुनः विद्यालयों से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन एवं समग्र शिक्षा विभाग ने महत्वपूर्ण पहल की है। गुरुवार को जिला मुख्यालय स्थित ग्रंथालय में ‘लईका चिन्हारी’ फील्ड सर्वे मोबाइल ऐप एवं वेब डैशबोर्ड के उपयोग के लिए एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें जिले के समस्त संकुल समन्वयकों ने भाग लिया।
स्कूल छोड़ चुके बच्चों की होगी डिजिटल पहचान
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य शाला त्यागी, अप्रवेशी एवं विशेष आवश्यकता वाले दिव्यांग बच्चों की पहचान, सत्यापन और उनकी शैक्षणिक स्थिति का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करना है। इसके माध्यम से शिक्षा से वंचित बच्चों को पुनः विद्यालयों में प्रवेश दिलाने और शासन की शैक्षणिक योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
मोबाइल ऐप और वेब डैशबोर्ड की दी गई जानकारी
प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर योगेश सोनी ने संकुल समन्वयकों को ऐप के विभिन्न मॉड्यूल का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। इसमें सर्वेक्षक पंजीकरण, अनुमोदन, मोबाइल लॉगिन, बच्चों का सर्वेक्षण, लाइव फोटो कैप्चर, डेटा सबमिशन और वेब डैशबोर्ड से निगरानी की प्रक्रिया समझाई गई।
साथ ही ऑनलाइन एवं ऑफलाइन सर्वेक्षण, ड्रॉपआउट विद्यार्थियों के सत्यापन तथा विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (CWSN) के चिन्हांकन की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान संभावित तकनीकी समस्याओं और उनके समाधान पर भी चर्चा हुई।
कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे : जिला शिक्षा अधिकारी
जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद सिंह ने कहा कि जिले का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए प्रत्येक शाला त्यागी और अप्रवेशी बच्चे की पहचान आवश्यक है। उन्होंने संकुल समन्वयकों को शिक्षकों के माध्यम से सर्वेक्षण कार्य गंभीरता से कराने तथा किसी भी पात्र बच्चे के छूटने की स्थिति नहीं बनने देने के निर्देश दिए।
जिला मिशन समन्वयक हरीश गौतम ने बताया कि ऐप के माध्यम से बच्चों की वास्तविक शैक्षणिक स्थिति सामने आएगी। इससे बच्चों को दोबारा विद्यालयों से जोड़ने तथा विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षणिक सहयोग देने में मदद मिलेगी। उन्होंने सर्वेक्षण में पारदर्शिता, शुद्धता और समयबद्धता पर जोर दिया।
अब संकुल और विद्यालय स्तर पर होगा प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के नोडल अधिकारी एवं सहायक परियोजना समन्वयक राजेन्द्र पांडेय ने बताया कि जिला स्तरीय प्रशिक्षण के बाद सभी संकुल समन्वयक अपने-अपने क्षेत्रों में शिक्षकों एवं सर्वेक्षणकर्ताओं को प्रशिक्षित करेंगे। इससे जिले के गांवों एवं बसाहटों में बच्चों का व्यवस्थित चिन्हांकन और सत्यापन किया जा सकेगा।
कार्यक्रम में सहायक परियोजना समन्वयक सुरजीत सिंह, सुरेश जैन सहित जिला परियोजना कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन एवं समग्र शिक्षा विभाग का यह अभियान ‘हर बच्चा, हर स्कूल’ की अवधारणा को साकार करने और जिले में शाला त्याग की समस्या कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
