स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26: बिल्हा देश में प्रथम, बिलासपुर को दूसरा स्थान, रायपुर भी सम्मानित
रायपुर, 11 नवंबर 2026। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों ने राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। बिलासपुर जिले की नगर पंचायत बिल्हा ने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। बिलासपुर नगर निगम को ‘स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन’ श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान मिला है, जबकि रायपुर नगर निगम को राज्य में स्वच्छता के लिए प्रथम पुरस्कार मिला है।
नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विजेता नगरीय निकायों को सम्मानित किया। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा तथा संबंधित नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पुरस्कार ग्रहण किए।
राष्ट्रपति के हाथों मिला राष्ट्रीय सम्मान
समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर तथा केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू भी उपस्थित रहे। रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को मिले सम्मानों से प्रदेश के नगरीय निकायों के स्वच्छता संबंधी प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिली है।
20 हजार से कम आबादी वाले शहरों में बिल्हा देश में प्रथम
बिलासपुर जिले की नगर पंचायत बिल्हा ने छोटे शहरों की श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि छोटे नगरीय निकायों में स्वच्छता प्रबंधन, नागरिक सहभागिता और उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग का उदाहरण मानी जा रही है।
बिलासपुर को दूसरा, रायपुर को राज्य में पहला स्थान
बिलासपुर नगर निगम ने ‘स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन’ श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया है। वहीं रायपुर नगर निगम को स्वच्छता में राज्य में प्रथम स्थान मिला है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वच्छता कर्मियों को दी बधाई
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिले सम्मान शहरों की बदलती तस्वीर और स्वच्छता के प्रति प्रदेशवासियों की सामूहिक प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल रैंकिंग में आगे बढ़ना नहीं, बल्कि ऐसी स्थायी व्यवस्था बनाना है जिसमें स्वच्छता हर नागरिक की आदत और हर शहर की पहचान बने। उन्होंने जनभागीदारी, आधुनिक नगरीय सुविधाओं और प्रभावी प्रबंधन से स्वच्छ एवं विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
जनभागीदारी का परिणाम है सम्मान : अरुण साव
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय सम्मान मिलना जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वच्छता कर्मियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने विशेष रूप से बिल्हा के प्रदर्शन को उल्लेखनीय बताया।
समारोह में ये प्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित
समारोह में रायपुर की महापौर मीनल चौबे, बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी, नगर पंचायत बिल्हा की अध्यक्ष वंदना जेंड्रे, राज्य शहरी विकास अभिकरण के मिशन डायरेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल, रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा और बिलासपुर नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
