Google Analytics Meta Pixel
Wednesday, March 11, 2026
news update
Madhya Pradesh

औद्योगिक इकाईयों की सौगातें देने आए मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आत्मीय स्वागत

ग्वालियर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को ग्वालियर व मालनपुर प्रवास पर पधारे। ग्वालियर, भिण्ड व मुरैना जिले को औद्योगिक इकाईयों की सौगात देने आए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का राजमाता विजयाराजे सिंधिया विमानतल पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। भोपाल से पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रहलाद पटेल और नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला भी मुख्यमंत्री के साथ आए थे। मालनपुर व ग्वालियर में कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपरान्ह लगभग 5 बजे विमानतल पहुँचकर वायुमार्ग द्वारा भोपाल के लिये प्रस्थान किया।

विमानतल पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव के स्वागत के लिये भाजपा जिला अध्यक्ष शहर श्री जयप्रकाश राजौरिया व ग्रामीण श्री प्रेम सिंह राजपूत, नगर निगम सभापति श्री मनोज तोमर, पूर्व विधायक श्री मुन्नालाल गोयल, बीज निगम के पूर्व अध्यक्ष श्री महेन्द्र सिंह यादव तथा सर्वश्री कमल माखीजानी, दीपक शर्मा व विनोद शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण पहुँचे थे।

इस अवसर पर संभाग आयुक्त श्री मनोज खत्री, पुलिस महानिरीक्षक श्री अरविंद सक्सेना, पुलिस उप महानिरीक्षक श्री अमित सांघी, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह एवं नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को मालनपुर में एलिक्जर इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड की इकाई का भूमिपूजन किया। साथ ही ग्वालियर रेडीमेड गारमेंट पार्क की 7 एवं मुरैना जिले के औद्योगिक क्षेत्र पिपरसेवा की 11 इकाईयों का वर्चुअल शिलान्यास किया। इसके बाद ग्वालियर में विधायक श्री प्रीतम लोधी व पार्षद श्री अनिल सांखला के निवास पर पहुँचकर शोक संवेदनायें व्यक्त की।