Google Analytics Meta Pixel
Tuesday, March 10, 2026
news update
Breaking News

“उद्धव को थप्पड़” की गूंज केंद्रीय मंत्री नारायण राणे 49वें FIR के बाद गिरफ्तार…

न्यूज़ डेस्क।

पुलिस ने मंगलवार दोपहर को उन्हें गिरफ्तार कर लिया। केंद्रीय मंत्री नारायण राणे को संगमेश्वर पुलिस स्टेशन ले जाया गया है। हालांकि, इससे पहले उन्हें रत्नागिरि कोर्ट ले जाने की खबर थी। इधर, राणे की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही उनके समर्थकों ने मुंबई-गोवा के पुराने हाईवे को जाम कर दिया।

गिरफ्तारी से बचने के लिए राणे ने रत्नागिरी के कोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की थी। इसे अदालत ने रद्द कर दिया। राणे ने जब से महाराष्ट्र में जनआशीर्वाद यात्रा शुरू की है, अब तक उन पर 49 FIR दर्ज हो चुकी हैं। हालांकि, इनमें से ज्यादातर मामले कोविड नियमों को तोड़ने पर दर्ज किए गए हैं। इधर, राणे के खिलाफ ठाणे के नौपड़ा थाने में सैक्शन 500, 505 (2), 153-B (1)(c) के तहत एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। इससे पहले उन पर पुणे, नासिक और रायगढ़ में FIR दर्ज हो चुकी थी।

शिवसैनिकों ने मंगलवार को महाराष्ट्र के 17 शहरों में उनके खिलाफ प्रदर्शन किया। नासिक में BJP कार्यालय पर पत्थरबाजी की गई, तो वहीं मुंबई में राणे के घर के बाहर प्रदर्शन कर रहे शिवसैनिकों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। राणे के खिलाफ 3 FIR दर्ज होने के बावजूद शिवसेना के गढ़ यानी कोंकण में उनकी जन आशीर्वाद यात्रा जारी थी।

सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री के खिलाफ पुणे, रायगढ़ और नासिक में FIR दर्ज हुई थी। साथ ही औरंगाबाद और खेरवाड़ी में भी FIR दर्ज करने की मांग की गई थी।

पुणे और नासिक पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए वारंट जारी किया था। पुणे के चतुःश्रुगी पुलिस स्टेशन की एक टीम राणे की गिरफ्तारी के लिए रायगढ़ के चिपलून के लिए रवाना हुई थी। भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल नारायण राणे सोमवार से यहीं मौजूद थे।

राणे के बयान से भाजपा ने किनारा किया
नारायण राणे के बयान पर महाराष्ट्र सरकार में मंत्री जयंत पाटील ने मंगलवार को कहा कि हम जानना चाहते हैं कि नारायण राणे ने जो बयान दिया हैं उसका समर्थन BJP और फडणवीस करते हैं या नहीं। इसपर पूर्व CM फडणवीस ने कहा, ‘मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को लेकर नारायण राणे को लेकर जो भी टिप्पणी की है, हम उसका समर्थन नहीं करते हैं।

किसी के खिलाफ भी बोलने का एक तरीका होता है और मुझे लगता है कि उसी दायरे में रहकर वह बात कहनी चाहिए, लेकिन हमें यह समझना होगा कि उन्होंने यह बयान किस परिपेक्ष में दिया है।

भारतीय जनता पार्टी वक्तव्य का समर्थन नहीं करती है, लेकिन हम उस व्यक्ति का समर्थन करते हैं। भारतीय जनता पार्टी नारायण राणे के साथ पूरी ताकत के साथ खड़ी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *