Google Analytics Meta Pixel
Tuesday, March 10, 2026
news update
National News

गोवा में एक खतरनाक अपराधी पुलिस क्राइम ब्रांच की गिरफ्त से भाग निकला

पणजी
गोवा में एक खतरनाक अपराधी पुलिस क्राइम ब्रांच की गिरफ्त से निकल भागा। यह अपराधी गोवा में जमीन हड़पने के कई मामलों में आरोपी है। भागने के लिए उसने जो तरीका इस्तेमाल किया, वह चर्चा में आ गया। इस अपराधी ने अपनी सुरक्षा में लगाए गए कांस्टेबल से दोस्ती कर ली। इसके बाद देर रात पुलिस को चकमा देकर उस कांस्टेबल की बाइक से ही फरार हो गया। अब पुलिस राज्य भर में उसकी तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी का नाम सिद्दिकी खान है, जो सुलेमान के नाम से भी मशहूर है। 55 साल का यह शख्स कर्नाटक के हुबली का रहने वाला है। पिछले कई साल से सुलेमान गोवा के तिविम में रह रहा है। यहां पर उसके खिलाफ जमीन हड़पने के कई केसेज हैं। पुलिस की हिरासत में उसने अपनी सुरक्षा में लगाए गए कांस्टेबल से दोस्ती कर ली। शुक्रवार रात करीब ढाई बजे कांस्टेबल अमित नाइक ने सुलेमाल की सेल का ताला खोल दिया। इसके बाद दोनों कांस्टेबल की बाइक से फरार हो गए।

गोवा पुलिस के प्रवक्ता और क्राइम ब्रांच एसपी राहुल गुप्ता ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अमित नाइक गार्ड ड्यूटी पर था। उसने सुलेमान को आजाद कर दिया और अपनी यामाहा आर15 को इस्तेमाल करते हुए दोनों भाग ले लिया। एसपी ने बताया कि दोनों की तलाश में प्रदेश की पुलिस लगी हुई है। गोवा पुलिस इस मामले में पड़ोसी राज्यों से भी मदद ले रही है। बहुत जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

सुलेमान को इसी साल 12 नवंबर को हुबली से गिरफ्तार किया गया था। पिछले चार साल से विभिन्न मामलों में उसकी तलाश की जा रही थी। सुलेमान पांच साल पहले भी गिरफ्तार किया गया था, लेकिन जमानत मिलने के बाद वह फरार हो गया था। पुलिस के मुताबिक सुलेमान कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर जाली सिग्नेचर से जाली डीड बनाता था। एसपी ने बताया कि आरोपी इंडियन रिजर्व बटालियन पुलिस कांस्टेबल के खिलाफ उचित अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को एक रिपोर्ट दी जाएगी। लॉकअप के प्रशासन और अपराध शाखा में आरोपियों की हिरासत की विस्तृत जांच वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जाएगी।