Google Analytics Meta Pixel
Tuesday, March 10, 2026
news update
Madhya Pradesh

प्रदेश की बहनों को राखी के पहले ही मिल गया है रक्षाबंधन का उपहार : उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल

भोपाल
उप-मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रक्षाबंधन के पहले ही लाड़ली बहनों को रक्षाबंधन का उपहार दे दिया है। लाड़ली बहना योजना की प्रत्येक बहन के खाते में 1250 रुपए की मासिक राशि के साथ रक्षाबंधन के लिए 250 रुपए की अतिरिक्त राशि दी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के कल्याण और विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार ने गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। लाड़ली बहना योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, स्वनिधि योजना, युवा उद्यमी योजना सहित अन्य योजनाएं इस बात का प्रमाण हैं। लाड़ली बहना योजना से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ा है साथ ही आर्थिक आत्मनिर्भरता मिली है।रीवा के नगर निगम टाउनहाल में लाड़ली बहना उत्सव में उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल को लाड़ली बहनों ने रक्षासूत्र बांधकर स्नेह और आशीर्वाद दिया।

उप-मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया। रीवा जिले की लाड़ली बहना योजना की 4 लाख 10 हज़ार बहनों के खाते में मासिक किश्त तथा 250 रुपए रक्षाबंधन के उपहार के रूप में अंतरित हुए है। समारोह में श्योपुर जिले के विजयपुर में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह का सजीव प्रसारण दिखाया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वर्चुअल माध्यम से प्रदेश की 1 करोड़ 29 लाख लाड़ली बहनों के खाते में 1 हज़ार 897 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की। मुख्यमंत्री ने उज्ज्वला योजना हितग्राहियों के खाते में 52 करोड़ रुपए तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन के हितग्राहियों के खाते में 332 करोड़ रुपए वर्चुअल माध्यम से अंतरित किए।

तिरंगा देश की आजादी और राष्ट्र गौरव का प्रतीक
उप-मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज शान से लहराता है तो हमारा सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है। हमारा तिरंगा देश की आजादी और राष्ट्र गौरव का प्रतीक है। जिले भर में 11 अगस्त से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने आह्वान किया कि हर नागरिक अपने घर में शान से तिरंगा लहराए। अपने घरों में तिरंगा लहराकर राष्ट्र वंदना और आजादी के पर्व में अपनी सहभागिता निभाएं। अपने घर में तिरंगा लहराकर अपना और देश का सम्मान बढ़ाएं। उन्होंने हर घर तिरंगा अभियान में शामिल होने की सभी को शपथ दिलायी।

उप-मुख्यमंत्री ने कन्या पूजन करके बेटियों का सम्मान किया। उप मुख्यमंत्री ने एक पेड़ माँ के नाम अभियान में नगर निगम परिसर के थ्रीआर पार्क में पौधे रोपित किए। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती गीता माझी, नगर निगम के अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में महिलाएँ शामिल हुईं।