Google Analytics Meta Pixel
D-Bilaspur-DivisionDistrict bilaspur

दर्दनाक सड़क हादसे में 2 युवकों की मौत, दो घायल

बिलासपुर

जिले के तोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत देवरीखुर्द्र जाने वाले मुख्य मार्ग में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. सड़क में बने डिवाइडर से तेज रफ्तार कार टकरा कर डिवाइडर के बीच लगे पोल से जा भिड़ी. रफ्तार की वजह से टक्कर इतनी जबरदस्त और भयानक थी की कार माचिस की डिब्बी की तरह पिचक गई.

इस घटना में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और अन्य दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है. घायलों को उपचार के लिए सिम्स ले जाया गया है. घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची तोरवा पुलिस मामले की जांच कर रही है.

जानकारी के अनुसार देवरी खुर्द के रहने वाले राजेंद्र सिंह, भागीरथी यादव दो अन्य दोस्त कुल चार लोग सियाज कार में बीती रात करीब 12 बजे शहर से अपने घर की ओर जा रहे थे. तभी कार अनियंत्रित होकर सड़क में बने डिवाइडर से टकरा कर लोहे के बिजली पोल में जा घुसी, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए.

कार के अंदर बैठे चारों युवक उसी कार में फंसे रह गए. इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बड़ी मशक्कत के बाद कार की बॉडी को काटकर युवकों को बाहर निकाला गया. जिनमें से दो की मौके पर ही मौत हो चुकी थी दो अन्य घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.