Google Analytics Meta Pixel
Tuesday, March 10, 2026
news update
District Beejapur

बीजापुर के पहाड़ी नाले में बहे जवान का मिला शव… सर्चिंग से लौटते वक्त हुआ था हादसा, कोबरा बटालियन में तैनात था…

इम्पैक्ट डेस्क.

नक्सल मोर्चे पर तैनात कोबरा-210 बटालियन का जवान पहाड़ी नाले में बह गया था, जिसका शव बरामद कर लिया गया। घंटों की मशक्कत के बाद शुक्रवार देर शाम जवान का शव और हथियार बरामद किया गया। घटना सुकमा-बीजापुर की सीमा पर हुआ है। एसपी अंजनेय वैष्णव ने बताया कि जवान के नाले में बहने की सूचना पर अतिरिक्त बल भेजकर तलाश शुरू की गई थी। जवान का नाम सूरज आर. है जो केरल का निवासी था। जवान का शव पीएम के बाद उसके गृह राज्य भेजा जाएगा।

बीजापुर-सुकमा जिले की सीमा पर सिलगेर क्षेत्र में स्थापित मुकुर-तर्रेम कैंप से कोबरा 210 के जवान गुरुवार को एंटी नक्सल ऑपरेशन पर निकले थे। जवान सर्चिंग कर शुक्रवार को लौट रहे थे। गुरुवार की रात भारी बारिश की वजह से नदी-नाले उफान पर है। सिलगेर के पास एक पहाड़ी नाले को पार करने के दौरान एक जवान का बैलेंस बिगड़ा और वह उफनते नाले में बह गया। साथी जवान कुछ समझ पाते वह जवान दूर तक बह गया। जवानों ने उसकी खोजबीन शुरू की गई। मुख्यालय में सूचना दी गई, जिसके बाद अतिरिक्त बल भेजा गया। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से 12 से 14 घंटों की मशक्कत के बाद जवान सूरज आर का शव और हथियार बरामद किया गया। 

उफानती नदी-नालों को पार करते हैं जवान
बस्तर में लाल आतंक पर लगाम कसने 60 हजार से अधिक की संख्या में जवानों को तैनात किया गया। जवानों का अधिकतर समय जंगलों में सर्चिंग में बीतता है। उन्हें कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। बारिश में जवानों की चुनौती दोगनी हो जाती है। बस्तर के अंदरूनी क्षेत्रों में सैकड़ों की संख्या में छोटे-बड़े नदी नाले हैं, जो बारिश में पूरी तरह उफान पर रहते हैं। जवानों को सर्चिंग के दौरान ऐसे ही कई उफनते नदी-नालों को जान जोखिम में डालकर पार करना होता है। बस्तर संभाग के माओवदी प्रभावित इलाकों में मॉनसून के दौरान भी एंटी नक्सल ऑपरेशन चलाया जा रहा है।