cricket

साउथ अफ्रीका ने शान से ली सेमीफाइनल में एंट्री, जिम्‍बाब्‍वे को रौंदकर सुपर-8 में लगाई जीत की हैट्रिक

Getting your Trinity Audio player ready...

साउथ अफ्रीका अब तक नहीं हारी एक भी मैच

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली।

साउथ अफ्रीका ने सुपर-8 के अपने आखिरी मैच में जिम्बाब्वे को 5 विकेट से हरा दिया है। जिम्बाब्वे ने मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 153 रन बनाए थे और प्रोटियाज को जीत के लिए 154 रनों का लक्ष्य दिया था। साउथ अफ्रीका ने इसे 5 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया और जीत हासिल की। मार्करम की अगुवाई वाली टीम अब तक इस टूर्नामेंट में एक भी मुकाबला नहीं हारी है।

साउथ अफ्रीका टूर्नामेंट की एकमात्र ऐसी टीम है, जो अब तक एक भी मैच नहीं हारी है। जिम्बाब्वे ने इस मैच में अच्छा खेल दिखाया और शुरूआत में विपक्षी टीम के 2 विकेट हासिल किए। हालांकि, इसके बाद डेवाल्ड ब्रेविस ने तूफानी पारी खेली और अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। तो वहीं जिमबाब्वे के लिए कप्तान सिकंदर रजा ने हरफनमौला प्रदर्शन किया लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।

जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी
जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी में कप्तान सिकंदर रजा के अलावा अन्य बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके। रजा ने शानदार बैटिंग की और अर्धशतक लगाया। उन्होंने 43 गेंदों पर 73 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। क्लाइव मदंडे दूसरे सर्वश्रेष्ठ स्कोरर रहे, जिन्होंने नाबाद 26 रनों की पारी खेली। इसी के साथ जिम्बाब्वे ने 7 विकेट के नुकसान पर 153 रन बनाए।

साउथ अफ्रीका ने जिम्बाब्वे को हराया
154 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम ने शुरूआत के 2 विकेट जल्दी गंवा दिए थे। क्विंटन डी कॉक और कप्तान ऐडन मार्करम 14 रनों के स्कोर पर पवेलियन जा चुके थे। हालांकि, इसके बाद डेवाल्ड ब्रेविस ने कमाल की बल्लेबाजी की और 18 गेंदों पर 42 रन बनाए। उनके अलावा रयान रिकल्टन ने भी 31 रनों की पारी खेली। ट्रिस्टन स्टब्स 21, जबकि जॉर्ज लिंडे 30 रन बनाकर नाबाद रहे।

जिम्बाब्वे के लिए गेंदबाजी में सिकंदर रजा ने कमाल की गेंदबाजी की। उन्होंने 4 ओवर में 29 रन खर्च करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। साउथ अफ्रीका ने इस मुकाबले को 5 विकेट के अपने नाम किया। इसी के साथ उन्होंने अजेय रहते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया है।