Breaking NewsPoliticsRaipur

फूलो देवी और लक्ष्मी वर्मा आज भरेंगी अपना नामांकन… फूलोदेवी ने की पूर्व सीएम भूपेश से ​मुलाकात…

Getting your Trinity Audio player ready...

इम्पेक्ट न्यूज। रायपुर।

छत्तीसगढ़ में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियाँ तेज हो गई हैं। इसी क्रम में कांग्रेस की राज्यसभा प्रत्याशी फूलो देवी नेताम से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बुधवार को रायपुर स्थित उनके निवास पर मुलाकात की।

भूपेश बघेल ने फूलो देवी नेताम को राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर बधाई दी और शुभकामनाएँ प्रदान कीं। मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने चुनावी रणनीति तथा आगामी राजनीतिक स्थितियों पर विस्तार से चर्चा की।

इसके बाद भूपेश बघेल और फूलो देवी नेताम नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत के निवास की ओर रवाना हुए। सूत्रों के अनुसार, वहाँ से सभी नेता विधानसभा पहुँचकर राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।

कांग्रेस ने एक बार फिर अपनी वरिष्ठ आदिवासी नेता फूलो देवी नेताम पर भरोसा जताया है और उन्हें राज्यसभा के लिए प्रत्याशी बनाया है। पार्टी नेताओं के अनुसार, उनके अनुभव, संगठन में लंबे योगदान और आदिवासी समाज में मजबूत पकड़ को देखते हुए लगातार दूसरी बार उन्हें मौका दिया गया है।

फूलो देवी नेताम कोंडागाँव जिले की मूल निवासी हैं और लंबे समय से कांग्रेस संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। वर्ष 2020 में उन्हें पहली बार राज्यसभा भेजा गया था। उनका वर्तमान कार्यकाल 9 अप्रैल 2026 को समाप्त हो रहा है। इससे पहले भी उन्होंने पार्टी और विभिन्न सामाजिक संगठनों में महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है।

छत्तीसगढ़ से वर्तमान में राज्यसभा के पांच सदस्य हैं, जिनमें कांग्रेस की रंजीत रंजन और राजीव शुक्ला, तथा भाजपा के देवेंद्र प्रताप सिंह शामिल हैं। वहीं कांग्रेस के तेजपाल सिंह तुलसी और फूलो देवी नेताम का कार्यकाल 9 अप्रैल 2026 को खत्म हो रहा है।

दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा चुनाव के लिए वरिष्ठ नेता लक्ष्मी वर्मा को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।

राज्यसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ विधानसभा के कुल 90 सदस्य मतदान करेंगे। वर्तमान विधानसभा में भाजपा के 54, कांग्रेस के 35 और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का एक विधायक है। इस कारण चुनाव को लेकर दोनों प्रमुख दलों की तैयारियाँ जोरों पर हैं और सभी की नजरें नामांकन प्रक्रिया तथा आगे की रणनीति पर टिकी हुई हैं।