National News

नीतीश कुमार ने खुद ही किया एलान, बोले- मैं राज्यसभा जाना चाहता हूं… देखें X में क्या कहा

Getting your Trinity Audio player ready...

डिजिटल डेस्क, पटना।

बिहार के सीएम नीतीश कुमार राज्यसभा (Rajya Sabha elections 2026) जाएंगे। विगत दिनों से चल रही अटकलों पर उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए विराम दे दिया है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट (Nitish Kumar social media post) कर उन्होंने कहा कि पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है, तथा उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है।

आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है। इसके लिए पूर्व में भी मैंने आपके प्रति कई बार आभार व्यक्त किया है।

संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूं।

इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूं। मैं आपको पूरी ईमानदारी से विश्वास दिलाना चाहता हूं कि आपके साथ मेरा यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा एवं आपके साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प पूर्ववत कायम रहेगा। जो नई सरकार बनेगी उसको मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा।

नीतीश कुमार ने खुद पोस्ट नहीं किया, ये ट्वीट दिल्ली में लिखा गया’, RJD सांसद का दावा

राजद नेता मनोज कुमार झा ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ट्वीट पर कहा, “तमाम बातें अपनी जगह, ये नीतीश कुमार की भाषा नहीं है। विरोध और समर्थन दोनों में हम उनके साथ रहे हैं। ये ट्वीट दिल्ली में लिखा गया है। कितना बचकाना लगता है ये सुनना भी… ये कोई बात हुई? सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि मैं राज्यसभा में जाना चाहता हूं। इसकी गूंज कई वर्षों तक रहेगी। हम(राजद) राजनीतिक तौर पर संघर्ष करेंगे। बिहार की धरती में इस तरह के प्रयोग महाराष्ट्र की तरह सफल हो जाएंगे, इसकी मुझे शंका है।”

बिहार में अब Nitish Kumar की नहीं, BJP की सरकार! क्या कहता है विधानसभा का नंबर गेम?

बिहार में 5 मार्च को बड़ा सियासी बदलाव देखने को मिला। राज्य के मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड के सर्वेसर्वा नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने का मन बना लिया है। उन्होंने खुद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस बात की जानकारी दी। वह गुरुवार को ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में पटना में नामांकन दाखिल करेंगे।

नीतीश कुमार के राज्यसभा में एंट्री लेने के बाद बिहार में अगला मुख्यमंत्री बीजेपी का होगा। अब यह कहना गलत नहीं होगा कि बिहार में नीतीश युग समाप्ति की ओर है और बीजेपी ही सरकार को पूरी तरह कंट्रोल करेगी। बिहार में अब नीतीश की नहीं, भाजपा की सरकार होगी।

आखिर सीटों के लिहाज से कौन-कितना भारी है?

बता दें कि बिहार में बीते साल नवंबर में ही विधानसभा के चुनाव हुए थे। तब नीतीश कुमार ने 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। एनडीए ने बिहार में महागठबंधन का लगभग सूपड़ा साफ कर दिया था।

बिहार विधानसभा में कुल 243 सीटें हैं। बीजेपी विधानसभा में बड़े भाई की भूमिका में है। वहीं, जब बीजेपी का मुख्यमंत्री बनेगा तो सरकार में भी बीजेपी बड़े भाई के रूप में दिखाई देगी। बीजेपी के पास बिहार में 89 विधानसभा सीटें हैं। वहीं, जदयू दूसरे नंबर पर है। जदयू के पास 85 सीटें हैं।

एनडीए के घटक दल लोजपा (रामविलास) के पास 19 सीटें हैं। जीतन राम मांझी की हिंदुस्तान आवाम मोर्चा के पास 5 सीट है। वहीं, उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा के पास 4 सीट है।

महागठबंधन का क्या है हाल?
राष्ट्रीय जनता दल के पास 25 सीटें है। वहीं, कांग्रेस के पास 6, CPI (ML) के पास 2, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के पास 1 और इंडियन इंक्लूसिव पार्टी के पास 1 सीट है।

दूसरी ओर, असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के पास 5 सीट है और बीएसपी के पास 1 सीट है।

गठबंधनराजनीतिक दलसीटों की संख्या
NDAभारतीय जनता पार्टी (BJP)89
जनता दल (यूनाइटेड) (JD-U)85
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास)19
हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM-S)05
राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM)04
महा महागठबंधनराष्ट्रीय जनता दल (RJD)25
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (INC)06
CPI (ML) लिबरेशन02
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी)01
इंडियन इंक्लूसिव पार्टी (IIP)01
अन्यAIMIM05
बहुजन समाज पार्टी (BSP)01
कुल सीटें243